पीडीए समाज को अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर

वाराणसी। समाजवादी पार्टी की ओर से गुरुवार को अजगरा विधानसभा क्षेत्र के मोहाव चोलापुर स्थित एक लॉन में पीडीए जन पंचायत एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विधानसभा क्षेत्र के जोन, सेक्टर और बूथ प्रभारी सहित पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि पीडीए समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज मजबूती से उठानी चाहिए। उन्होंने सामाजिक न्याय, संविधान और समान अधिकारों के मुद्दों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर संपर्क कर पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने तथा सूची को दुरुस्त कराने में सहयोग करने को कहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुजीत यादव लक्कड़ और संचालन विधानसभा अध्यक्ष बाबूलाल यादव ने किया। इस दौरान आशुतोष सिंहा, कैलाश नाथ सोनकर, संतोष यादव बबलू एडवोकेट, हरिशंकर विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *