एड्स जागरूकता कार्यक्रम, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन

वाराणसी।प्रिज्मैटिक फाउंडेशन के तत्वावधान में मंगलवार को पंचायत भवन, सलापुर, वाराणसी में एड्स जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जो प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित रहा।

 

शिविर का मुख्य उद्देश्य क्वीयर और ट्रांसजेंडर समुदाय के नेतृत्व में समाज में HIV एवं AIDS के प्रति जागरूकता बढ़ाना, HIV से जुड़े भ्रम एवं भेदभाव को दूर करना तथा लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना रहा। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आयोजित होने के कारण शिविर में मौसमी बीमारियों तथा बाढ़ के बाद होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की भी जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

 

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा लोगों को HIV/AIDS, यौन संचारित संक्रमण (STI), सर्दी-जुकाम, बुखार तथा अन्य मौसमी बीमारियों के साथ-साथ बाढ़ के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं, दूषित पानी से होने वाले संक्रमण, त्वचा संबंधी समस्याओं और अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। इच्छुक लोगों के लिए स्वैच्छिक एवं गोपनीय HIV जांच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण तथा चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

 

शिविर में ट्रांसजेंडर एवं क्वीयर समुदाय, महिलाओं, पुरुषों, युवाओं, किशोर-किशोरियों तथा अन्य समुदायों के लोगों को विशेष रूप से शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया गया। आयोजकों ने कहा कि HIV/AIDS को लेकर समाज में मौजूद डर, भ्रांतियों और भेदभाव को समाप्त करने के लिए जागरूकता और संवेदनशीलता बेहद जरूरी है।

 

शिविर में विशेषज्ञों के रूप में डॉ. संजीव (जनरल फिजिशियन एवं स्वास्थ्य परामर्श एवं मार्गदर्शन), SSPG कबीरचौरा अस्पताल; डॉ. मनीषा राय (परामर्शदाता), सम्पूर्ण सुरक्षा केंद्र, SSPG कबीरचौरा अस्पताल; डॉ. मयंक कुमार (डी.आर. ओ.पी.टी. एवं वरिष्ठ नर्स प्रशिक्षण अधिकारी), माता आनंदमयी अस्पताल; और डॉ. संतोष यादव ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।

रूमान ने कहा कि AIDS का वर्तमान में पूर्ण इलाज उपलब्ध नहीं है, लेकिन चिकित्सकीय देखरेख, समय पर जांच और उचित उपचार के माध्यम से HIV के साथ लंबे समय तक स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है। इसलिए जागरूकता, समय पर जांच और सही चिकित्सकीय सलाह बेहद महत्वपूर्ण है।

 

नीति ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है और समाज में किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। “सबके लिए स्वास्थ्य, समान अधिकार और समान सम्मान” की भावना के साथ संस्था आगे भी ऐसे स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

शिविर में शामिल हुईं विशाखा किन्नर ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “जब हम यहां आ रहे थे तो रास्ते में ही लोग बता रहे थे कि यहां क्वीयर और ट्रांस लोगों की स्वास्थ्य जांच हो रही है। आते समय हमें यह जगह अपने समुदाय के लिए काफी सुरक्षित महसूस हुई। कैंप में निःशुल्क कंडोम और दवाएं मिलीं, साथ ही HIV की जांच भी हुई। इस तरह की सुविधाएं और सुरक्षित माहौल मिलना हमारे लिए बहुत अच्छा अनुभव रहा।”

 

स्वास्थ्य शिविर में प्रमुख रूप से नैंसी, इकबाल, आदित्य कृष्णा, टैन, दुर्गा, सोनम, तनु, अनु, सैम, रागिनी, छोटी, शिवानी, प्यूष, बनी सहित दर्जनों क्वीयर और ट्रांस समुदाय के लोग और आस पास के गांव से सैकड़ों लोग शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *