महापर्व छठ पूजा के आयोजन को लेकर बरेका स्थित सूर्य सरोवर पर तैयारियां जोर-शोर से जारी

वाराणसी। लोक आस्था, पवित्रता एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा के भव्य आयोजन को लेकर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित सूर्य सरोवर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

 

इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत प्रकाश, सजावट एवं आवागमन को सुगम बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।

 

छठ पूजा के अवसर पर सूर्य सरोवर परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों एवं आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय एवं उत्सवी वातावरण से आलोकित हो उठेगा।

 

जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि बरेका प्रशासन द्वारा छठ महापर्व को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालु सुविधाजनक रूप से इस पावन पर्व में सहभागिता कर सकें।

 

उल्लेखनीय है, कि बरेका स्थित सूर्य सरोवर में प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दौरान हजारों की संख्या में व्रती महिलाएं, पुरुष एवं श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि तथा मंगलमय जीवन की कामना करते हैं। इस अवसर पर छठ व्रतियों की अटूट आस्था, लोक परंपरा एवं भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिलता है।

 

छठ पूजा का कार्यक्रम सायंकालीन अर्घ्य: 15 नवंबर, 2026। (रविवार), सायं 5 बजे।

प्रातःकालीन अर्घ्य: 16 नवंबर, 2026 (सोमवार)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *