
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लाभार्थीपरक स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन एवं भुगतान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि योजना के अंतर्गत 12,744 लाभार्थियों को भुगतान किया जा चुका है तथा जनपद प्रदेश में छठे स्थान पर है। जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि में और सुधार करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन चिकित्सा संस्थानों में लाभार्थियों का भुगतान अभी लंबित है, वहां प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में ‘नमो शक्ति रथ’ के माध्यम से की जा रही स्तन कैंसर स्क्रीनिंग की भी समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र महिलाओं की स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए तथा चिन्हित संदिग्ध मामलों में आवश्यक जांच की व्यवस्था सुनिश्चित हो।
जनपद की उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड रैंकिंग में पांचवें स्थान पर रहने की जानकारी पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर निगरानी एवं सुधार के निर्देश दिए। टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने इसकी ग्राम सभा एवं सब-सेंटर स्तर तक समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी टीकाकरण में कमी पाई जा रही है, वहां कारणों की पहचान कर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए तथा सभी पात्र बच्चों का समय से शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका की भी समीक्षा की। जनपद में 290 आशा कार्यकर्ताओं द्वारा योजना के अंतर्गत कोई प्रसव न कराए जाने के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित आशा कार्यकर्ताओं को नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, कृमि मुक्ति दिवस, गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम, टीबी मुक्त भारत अभियान सहित अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्यक्रमों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण प्रगति सुनिश्चित करने तथा नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया तथा विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जनपद स्तरीय चिकित्सालयों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक/मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, डॉ. महेंद्र सोनी सहित अन्य अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply