जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर फूलपुर में निकला भव्य जुलूस

सरकार की आमद मरहबा, मदनी की आमद मरहबा” के नारों से गूंजा नगर

 

रिपोर्ट अशरफ 

 

फूलपुर। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को फूलपुर नगर पंचायत एवं आसपास के क्षेत्रों में भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया।

इस दौरान पूरा नगर नात-ए-पाक और “नारे तकबीर, अल्लाहु अकबर”, “सरकार की आमद मरहबा, मदनी की आमद मरहबा” के नारों से गूंज उठा। जश्न के अवसर पर रात से ही नगर की मस्जिदों एवं प्रमुख स्थानों को झालरों और ट्यूब लाइटों से सजाया गया था।

जश्ने ईद मिलादुन्नबी हजरत मोहम्मद मुस्तफा की विलादत की याद में मनाया जाता है। इस अवसर पर लोगों ने पैगंबर-ए-इस्लाम की जिंदगी, उनकी सच्चाई, इंसानियत, भाईचारे और अमन के संदेश को याद किया।

सुबह करीब साढ़े सात बजे फूलपुर के विभिन्न मोहल्लों का परचम सिकंदरा रोड स्थित ईदगाह पहुंचा। ईदगाह से सभी मोहल्लों के परचम को क्रमबद्ध करते हुए हाजी अनीस अहमद एडवोकेट की अध्यक्षता में जुलूस रवाना किया गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग नात शरीफ पढ़ते हुए और नारे लगाते हुए शामिल हुए।

जुलूस तहसील, बस स्टैंड होते हुए कर्नलगंज पहुंचा, जहां मखदूम फूलपुरी ने नबी-ए-करीम की शान में नात पेश की। इसके बाद जुलूस इस्माइलगंज रेलवे क्रॉसिंग, जाफरगंज होते हुए कोहना मोहल्ले पहुंचा। यहां मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष ब्लागत हुसैन एवं बदरुल हसन जैदी ने जुलूस का इस्तकबाल किया।

जुलूस के दौरान मौलाना हाफिज कारी मोहम्मद मोअज्जम लगातार हजरत मोहम्मद की जिंदगी, उनकी अच्छाइयों और उनके बताए हुए रास्ते के बारे में लोगों को जानकारी देते रहे।

इसके बाद जुलूस कोहना से बड़ी मस्जिद जमीलाबाद पहुंचा, जहां शारिक फूलपुरी एवं मो. कामिल ने नात-ए-पाक पेश की। मौलाना असलम ने तकरीर करते हुए पैगंबर-ए-इस्लाम के जीवन और उनके संदेश पर प्रकाश डाला। तकरीर के बाद सलाम पेश किया गया।

अंत में हाजी अनीस अहमद एडवोकेट ने जुलूस का समापन करते हुए जुलूस में सहयोग एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया। जुलूस के दौरान फूलपुर इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ पूरे मार्ग पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

जुलूस में पूर्व चेयरमैन मंसूर आलम, सैयद इखलाक अहमद, सैयद इलियास अहमद, सभासद अरशद उल्लाह, मो. दानिश, सेराज अंसारी, इस्लाह अहमद बबलू, नसीर उद्दीन राइन, उर्फी, बाबू, खुर्शीद रब्बानी, मो. आकिल, मो. फुरकान, मो. शहजाद, मो. इमरान आमिर, असद आशु सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

जुलूस में कोहना, कैथाना, मुल्लाना, शुक्लाना, जाफरगंज, इस्माइलगंज, अंसार नगर, भैंसिया टोला, दुनियागंज, कर्नलगंज, फरीदाबाद, शेखपुर, जमीलाबाद, पूरा अच्छई, लिलहट, गुलहरिया और सांवडीह सहित विभिन्न मोहल्लों एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *