श्रीकाशीविद्वद्धर्मपरिषद् द्वारा भव्य अभिनन्दन समारोह, हरिवंश पुराण कार्यशाला एवं महारुद्र यज्ञ की पूर्णाहुति सम्पन्न

वाराणसी।श्रीकाशीविद्वद्धर्मपरिषद् (संस्थापित — श्री श्री 1008 श्री मौनी बाबा चैरिटेबल ट्रस्ट, काशी, उ.प्र.) के तत्वावधान में बुधवार को योगसाधना भवन, सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी में दो दिव्य एवं गरिमामय आयोजन सम्पन्न हुए।

मध्याह्न में हरिवंश पुराण कार्यशाला का विशेष सत्र तथा वेद विभाग द्वारा संचालित महारुद्र यज्ञ की पूर्णाहुति सम्पन्न हुई। तत्पश्चात्

भव्य अभिनन्दन समारोह का आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष, धर्माचार्य प्रकोष्ठ, अखिल भारतीय हिन्दू महासभा तथा महाराष्ट्र प्रदेश प्रमुख, अखिल भारतीय सन्त समिति, परमश्रद्धेय श्रीमहन्त वेदाचार्य पीठाधीश्वर स्वामी डॉ. अनिकेत शास्त्री जी महाराज ने अपने अभिनन्दन के प्रत्युत्तर में उद्बोधित करते हुए कहा “आज काशी नगरी में आकर बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ जी के दर्शन के उपरान्त, ज्ञान की सर्वाधिक प्राचीन विद्या की मातृसंस्था सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में, श्रीकाशीविद्वद्धर्मपरिषद् द्वारा किया गया यह अभिनन्दन हमारे लिए अत्यन्त गौरव एवं हर्ष का विषय है। इस परिषद् का संचालन एक सिद्ध सन्त के नाम पर स्थापित श्री श्री 1008 श्री मौनी बाबा चैरिटेबल ट्रस्ट न्यास के माध्यम से हो रहा है, यह अपने आप में अत्यन्त गौरवपूर्ण है।”

उन्होंने कहा कि इस अभिनन्दन से केवल उनका व्यक्तिगत मान-सम्मान ही नहीं बढ़ा, बल्कि अनेक सन्त-परम्पराओं का सम्मान हुआ है। उन्होंने कहा, “हमारा अभिनन्दन करके परिषद् ने सनातन धर्म, संस्कृति एवं परम्परा के संरक्षण के लिए हमें और अधिक शक्ति प्रदान की है। पिछले कुछ वर्षों से नासिक-त्र्यंबकेश्वर जैसे कुम्भ क्षेत्रों का सरकारों द्वारा जिस प्रकार अपेक्षित शास्त्रीय मर्यादाओं के अनुरूप संचालन नहीं किया गया, उसके दृष्टिगत अब समय आ गया है कि परिषद् के विद्वान शास्त्रीय एवं धर्मसम्मत पद्धति से ऐसे आयोजनों के संचालन एवं व्यवस्थापन के लिए सरकार को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करें।”

स्वामी जी ने सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के गौरव का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्व की प्राचीनतम एवं गौरवशाली संस्कृत संस्थाओं में प्रतिष्ठित इस विश्वविद्यालय को अब तक केन्द्रीय एवं राष्ट्रीय ही नहीं, अपितु अन्तर्राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय का स्वरूप प्राप्त हो जाना चाहिए था।

उन्होंने कहा कि कुलपति महोदय की कार्यदक्षता एवं सक्रियता को देखते हुए उन्हें पूर्ण विश्वास है कि यह विश्वविद्यालय शीघ्र ही अपने संकल्प एवं अपेक्षित उत्कर्ष को प्राप्त करेगा।

इस अवसर पर परिषद् के कार्यकारी अध्यक्ष पं. कमलाकान्त त्रिपाठी जी ने स्वामी जी के अभिनन्दन-पत्र का वाचन किया।

सम्मानित अतिथि के रूप में सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के माननीय कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा जी ने परिषद् द्वारा प्राप्त अभिनन्दन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा

“यह सम्मान विश्वविद्यालय के संवर्धन एवं उत्कर्ष के लिए हमें और अधिक प्रेरणा तथा बल प्रदान करेगा। हमारे सम्मान के अवसर पर महाराष्ट्र से पधारे महन्त वेदाचार्य पीठाधीश्वर स्वामी डॉ. अनिकेत शास्त्री जी महाराज ने विश्वविद्यालय के उत्कर्ष के लिए जिस संकल्प का समर्थन किया तथा श्रीकाशीविद्वद्धर्मपरिषद् के प्रस्ताव का जिस प्रकार अनुमोदन किया, यह हम सभी के लिए अत्यन्त प्रसन्नता एवं गौरव का विषय है।”

कुलपति महोदय के अभिनन्दन-पत्र का वाचन प्रो. धर्मदत्त चतुर्वेदी जी ने किया। उन्होंने अपने वक्तव्य में कुलपति महोदय के व्यक्तित्व, कृतित्व, विद्वत्ता, प्रशासनिक दक्षता एवं विश्वविद्यालय के विकास के प्रति उनके समर्पण पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए परिषद् के अध्यक्ष पं. छोटेलाल त्रिपाठी जी ने किया।

अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने समस्त सभा सहित परिषद् के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम के अवसर पर काशी के अनेक मूर्धन्य विद्वानों का पूजन, अभिनन्दन एवं सम्मान भी किया गया। इस सम्मान समारोह का गरिमापूर्ण संचालन परिषद् के प्रवक्ता पं. विजय शर्मा द्वारा किया गया।

 

कार्यक्रम के अन्त में उपस्थित समस्त विद्वज्जनों, अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन परिषद् के कार्यालय मंत्री पं. दुर्गेश पाठक जी ने किया।

 

इस अवसर पर प्रो. सुधाकर मिश्र जी, प्रो. रामप्रिय पाण्डेय, डॉ. उमंग नाथ शर्मा, प्रो. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, प्रो. दिनेश कुमार गर्ग सहित शताधिक विद्वान्, आचार्य एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *