चेतावनी बिंदु के करीब पहुंचा गंगा का जलस्तर, प्रशासन अलर्ट

वरुणा के तटवर्ती इलाकों में प्रभावित परिवारों को राहत शिविरों में पहुंचाया, नाव और बचाव उपकरण तैयार

 

वाराणसी। गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब पहुंचने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार सोमवार शाम छह बजे गंगा का जलस्तर 70.11 मीटर दर्ज किया गया। चेतावनी बिंदु 70.26 मीटर और खतरे का निशान 71.26 मीटर है। प्रशासन गंगा और वरुणा के तटवर्ती तथा संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रख रहा है। वरुणा के तटवर्ती क्षेत्रों में जलभराव से प्रभावित कुछ परिवारों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर बाढ़ राहत शिविरों में रखा गया है। शिविरों में सुरक्षित आवास, स्वच्छ पेयजल, भोजन, बिस्तर, प्रकाश, सफाई और फॉगिंग की व्यवस्था की गई है। प्रभावित परिवारों को दिन में तीन बार भोजन दिया जा रहा है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए दूध व केला भी उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें नियमित जांच कर रही हैं।प्रशासन ने पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, एनडीआरएफ और जल पुलिस समेत संबंधित विभागों के बीच समन्वय बढ़ा दिया है। नाव, बचाव उपकरण और मानव संसाधन तैयार रखे गए हैं। अधिकारियों को जलस्तर बढ़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और अतिरिक्त राहत शिविर सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *