वाराणसी। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि वाराणसी शहर में रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। बारिश के दौरान निचले और संवेदनशील इलाकों में जलभराव की स्थिति न पैदा हो, इसके लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल खुद मैदान में उतरे हुए हैं। उन्होंने शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों का जायजा लिया। कहीं छाता ताने तो कहीं पैदल चलकर नगर आयुक्त ने कचहरी चौराहा, पुलिस लाइन चौराहा, पांडेयपुर चौराहा, हुकुलगंज रोड, ताड़ी खाना तिराहा, चौकाघाट, तेलियाबाग, मरिमाता, मलदहिया चौराहा, साजन तिराहा, सिगरा चौराहा, रथयात्रा चौराहा, महमूरगंज, अंधरापुल और मकबूल आलम रोड का विस्तृत निरीक्षण किया। निगम की इस सजगता और त्वरित कार्रवाई का असर धरातल पर भी साफ दिखाई दिया। अधिकारियों की मौजूदगी में पंपों और सफाई कर्मियों की मदद से प्रभावित क्षेत्रों से कुछ ही घंटों के भीतर जल निकासी करा दी गई। निगम की इस तत्परता से जलजमाव की समस्या से त्वरित निजात मिलने पर स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। नागरिकों का कहना है कि भारी बारिश के बावजूद निगम की टीमों द्वारा मौके पर पहुंचकर तुरंत जल निकासी कराना बेहद सराहनीय कदम है। जनता अधिकारियों की इस सक्रियता और मुस्तैद कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा कर रही है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जलजमाव की समस्या से नागरिकों को तत्काल राहत दिलाई जाए। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 24 घंटे मुस्तैद रहने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।

Leave a Reply