बाढ़ राहत शिविरों में पहुंचे डीएम, लोगों का जाना हाल; व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

 

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को हुकुलगंज और ढेलवरिया क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में रह रहे प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और हर संभव मदद का भरोसा दिया। डीएम ने डिप्टी कान्वेंट स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, तुलसी निकेतन हुकुलगंज, प्राथमिक पाठशाला और नवयुग विद्या मंदिर ढेलवरिया समेत अन्य राहत केंद्रों में भोजन, चिकित्सा, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि लोगों को सुबह नाश्ता और दोनों समय भोजन समय से मिले। बच्चों के लिए दूध और फल की व्यवस्था तथा वृद्धों और गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल सुनिश्चित की जाए। सरस्वती विद्या मंदिर में डीएम लोगों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। दीप्ति कान्वेंट स्कूल में मेडिकल टीम से चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी लेकर 24 घंटे चिकित्सकीय टीम की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा। राहत शिविर में बन रहे भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता भी देखी। बच्चों से बातचीत कर उन्हें चॉकलेट भी दी। डीएम ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन और मूलभूत सुविधाएं जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *