बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे सीएम योगी

राहत शिविर में बांटी सामग्री, किसानों को मुआवजा और बेघरों को आवास देने के निर्देश

 

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वाराणसी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया। इसके बाद सलारपुर स्थित विद्याविहार इंटर कॉलेज के राहत शिविर पहुंचे और बाढ़ पीड़ितों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करते हुए भरोसा दिलाया कि संकट की घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 16 वार्डों में 567 परिवार प्रभावित हैं और 48 नावें राहत कार्य में लगाई गई हैं। 1131 किसानों की फसल क्षतिग्रस्त हुई है, जिन्हें मुआवजा देने के निर्देश दिए गए हैं। मकान गिरने, आकाशीय बिजली और सर्पदंश को भी आपदा में शामिल करते हुए प्रभावित परिवारों को 24 घंटे में चार लाख रुपये की सहायता देने की व्यवस्था की गई है। बेघर परिवारों को प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए हैं। योगी ने कहा कि राहत शिविरों में बच्चों को दूध-फल समेत 26 प्रकार की सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। पानी उतरने के बाद बीमारी की रोकथाम के लिए छिड़काव कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि काशी आज नई काशी के रूप में विकसित हुई है। इस दौरान स्वतंत्र सेनानी जग्गू राम मौर्य की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। श्रम मंत्री अनिल राजभर समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *