
सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का समापन

वाराणसी। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का समापन रविवार को हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न दिनों में सड़क सुरक्षा के नियमों जैसे हेलमेट पहनकर वाहन चलाना, सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करना, गलत दिशा में वाहन न चलाना, शराब पीकर नशे की हालत में वाहन न चलाना, चलती बस में न चढ़ना, गलत लाइन में न चलना इत्यादि सड़क सुरक्षा के नियमों के बारे में जानकारी दी गई।
समापन के अवसर पर बाइक रैली निकाली गई जो पुलिस लाइन से शुरू होकर चौकाघाट कचहरी होते हुए फिर पुलिस लाइन पर आकर समाप्त हुई। मुख्य अतिथि के रूप में अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था चन्नप्पा शिवसिंपि एवं विशिष्ट अतिथि विक्रांत वीर, पुलिस आयुक्त यातायात मौजूद रहे। परिवहन विभाग की ओर से सर्वेश चतुर्वेदी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), सुधांशु रंजन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), मिथिलेश कुमार यात्रीकर अधिकारी एवं कार्यालय के अन्य समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
