
रामलीला और मेले में महिला पुलिस की तैनाती, नई परंपरा शुरू करने पर रोक
वाराणसी। दुर्गा पूजा और दशहरा को सकुशल संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को यातायात पुलिस लाइंस सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की संयुक्त अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक हुई।
इसमें दुर्गा पूजा और रामलीला समितियों के पदाधिकारियों ने समस्याएं और सुझाव रखे।
जिलाधिकारी ने बिजली विभाग को जर्जर खंभों और लटकते तारों को तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया। पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और जिला पंचायत को सड़कों के गड्ढे भरने और मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा।
पंडालों और विसर्जन स्थलों पर सफाई, पेयजल, पर्याप्त प्रकाश और जरूरत के अनुसार मोबाइल शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयोजकों से वैकल्पिक प्रकाश के लिए जनरेटर और आपातकालीन लाइट रखने की अपील की।
डीएम ने स्पष्ट किया कि मूर्ति विसर्जन पोखरों, तालाबों और पर्याप्त पानी वाले निर्धारित स्थलों पर ही होगा। किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। रावण दहन भी शांतिपूर्ण ढंग से कराने को कहा। पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
रामलीला और मेला स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, पंडालों में बैरिकेडिंग तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाने को कहा। बड़े पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और स्वयंसेवकों की सूची थानों में देने के निर्देश दिए। विसर्जन जुलूस में सड़क बाधित नहीं करने, अश्लील गाने नहीं बजाने और भ्रामक सोशल मीडिया संदेशों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी गौरव वंशवाल, राजेश पांडेय, एडीसीपी ट्रैफिक, एडीएम सिटी पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारी और आयोजक मौजूद रहे।

Leave a Reply