सत्यभामा-रुक्मिणी नृत्य नाटिका ने बांधा समां, समूह नृत्य, एकल नृत्य और समूहगान में चिरईगांव ब्लॉक प्रथम

वाराणसी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), सारनाथ में आयोजित दो दिवसीय कला एवं संस्कृति महोत्सव में चिरईगांव ब्लॉक की शिक्षिकाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर ब्लॉक का नाम रोशन किया। समूह नृत्य, एकल नृत्य और समूहगान में चिरईगांव ब्लॉक ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

 

महोत्सव में प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों की शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत ‘सत्यभामा-रुक्मिणी’ नृत्य नाटिका ने दर्शकों का मन मोह लिया। अल्प सूचना पर तैयार की गई इस अलौकिक एवं भावपूर्ण कृष्ण-लीला ने कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

 

शिक्षिकाओं ने अभिनय, नृत्य और भावाभिव्यक्ति का शानदार समन्वय प्रस्तुत करते हुए अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया।

 

इस नृत्य नाटिका की मूल परिकल्पना प्राथमिक विद्यालय सीवों की सहायक अध्यापिका श्रीमती ज्योत्सना अग्रवाल की थी। उन्होंने स्वयं नारद मुनि की भूमिका निभाते हुए जीवंत एवं प्रभावशाली अभिनय किया। वहीं, भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका में प्राथमिक विद्यालय चांदपुर की कल्पना तिवारी ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

 

नाटिका में रुक्मिणी का गरिमामय किरदार प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर की सीमा श्रीवास्तव ने निभाया, जबकि बीबी फातिमा ने सत्यभामा के रूप में अत्यंत सुंदर एवं भावपूर्ण अभिनय किया। वहीं, कंपोजिट विद्यालय सरसौल की अमृता प्रजापति के सरस एवं प्रभावशाली अभिनय ने भी दर्शकों को अभिभूत कर दिया।

 

*एकल नृत्य में अमृता प्रजापति ने हासिल किया प्रथम स्थान*

 

एकल नृत्य प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय सरसौल की शिक्षिका अमृता प्रजापति ने प्रथम स्थान प्राप्त कर चिरईगांव ब्लॉक की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ दिया। उनकी शानदार प्रस्तुति ने निर्णायकों एवं दर्शकों को प्रभावित किया। समूह नृत्य और एकल नृत्य, दोनों विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करना ब्लॉक की शिक्षिकाओं की कला, समर्पण और रचनात्मक प्रतिभा का प्रमाण है।

 

*समूहगान में भी चिरईगांव ब्लॉक अव्वल*

 

कला एवं संस्कृति महोत्सव में समूहगान प्रतियोगिता में भी चिरईगांव ब्लॉक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ ब्लॉक की टीम ने तीन विधाओं में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा और सामूहिक प्रयासों का शानदार परिचय दिया।

 

 

कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं शानदार प्रस्तुतियों के लिए एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (ARP) रश्मि त्रिपाठी एवं उमेश त्रिपाठी ने पूरी टीम के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *