
वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने मंगलवार को गुलाब बाग सिगरा स्थित पार्टी कार्यालय में खेलकूद एवं क्रीडा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु बच्चियों का सम्मान किया।
ज्ञात हो कि पिछले दिनों सांसद खेल प्रतियोगिता में दो लाख सतहत्तर हजार से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था। 24 दिनों तक चले इस आयोजन में कुल 27 विभिन्न खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की गई थी।
कार्यक्रम में 100 बच्चियों को खेल के क्षेत्र में सर्वोत्तम प्रदर्शन हेतु प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि व मुख्य वक्ता एमएलसी अरुण पाठक ने बच्चों को भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर काशी का नाम रोशन करने की शिक्षा दी। उन्होंने बच्चों को मोबाइल पर अच्छी चीज़ सीखने और समय का सदुपयोग कर टाइम मैनेजमेंट पर ध्यान देने को कहा। बच्चों को खेल को उत्कृष्ट बनाने के गुण भी सिखाए।
विशिष्ट अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने कहा कि किसी भी समाज का विकास करने के लिए वहां खेल का विकास करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सांसद खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें खेलों को कैरियर के रूप में अपनाने लिए प्रेरित करना है।
महिला मोर्चा क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया ने कहा कि सांसद खेल प्रतियोगिता का आयोजन कर समाज और देश की विकास का नया रास्ता तैयार किया गया है। इन प्रयासों का परिणाम देश को आने वाले वर्षों में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित किया।वंदे मातरम गीत प्रस्तुत किया गया।
समारोह का संचालन महामंत्री प्रज्ञा पांडेय तथा धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम संयोजक विभव सिंह ने दिया।
इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, वाराणसी प्रभारी व एमएलसी अरुण पाठक, महिला मोर्चा क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया, महिला मोर्चा अध्यक्ष कुसुम पटेल, विभव सिंह, प्रज्ञा पांडेय, सुरेखा सिंह, रिचा सिंह, मंजू सिंह, अंजली गुप्ता, अनीशा शाही सहित सभी कोच भी उपस्थित रहे।
