
वाराणसी। डीएवी पीजी कॉलेज के सभागार में गुरुवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी विषयक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, औषधि प्रशासन एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ ने कहा कि मतदाता भारतीय लोकतंत्र के पोषक है, सही मायने में मतदाता ही भारत के भाग्य विधाता है। उन्होंने कहा कि मतदान सिर्फ एक चुनावी प्रक्रिया तक सीमित नही है अपितु यह एक ऐसा अधिकार है जिसके प्रयोग से हम अपना भविष्य निर्धारित करते है। दयालु ने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका को भी बढ़ाने का प्रयास करना होगा। महाविद्यालयों – विश्वविद्यालयों में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को सीधे तौर से लोकतंत्र की प्रक्रिया से जोड़ा जा सकता है। स्वयंसेवको के सहयोग से ज्यादा से ज्यादा युवाओं को मतदाता सूची में जोड़कर स्वस्थ्य लोकतंत्र की नींव को और मजबूत करना है।
अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य प्रो. सत्यगोपाल जी ने कहा की मतदान के लिए सभी लोग तभी जागरूक होंगे जब उन्हें सही मायने में अपने अधिकार ज्ञात होंगे। हम एनसीसी और एनएसएस के माध्यम से इसके लिए बुनियादी तौर पर जागरूकता लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ एवं प्रो. सत्यगोपाल जी ने सभी को शत प्रतिशत मतदान की शपथ भी दिलवाई। संचालन हरिबंश सिंह, स्वागत डॉ. राहुल, डॉ. अनूप मिश्रा, नरेंद्र कुमार सिंह, बचनू प्रसाद, डॉ. विवेक सिंह, जयवंत कुमार राय, सुनन्दन भट्टाचार्य आदि ने किया।कार्यक्रम में डीएवी पीजी कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज के छात्र – छात्राएं, अध्यापक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
