वाराणसी। गुरुपूर्णिमा-महोत्सव के शुभ अवसर पर अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम्, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम के पुनीत प्रांगण में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार दिनांक 4 जुलाई, 2023 को आश्रम के मुख्य सभागार में सुबह 8 बजे से श्री सर्वेश्वरी समूह का 62वाँ अखिल भारतीय वार्षिक अधिवेशन शुभारम्भ ओमप्रकाश तिवारी द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुआ। श्री सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी की अध्यक्षता में हुए इस सम्मलेन में संस्था के मंत्री डॉ० एस०पी० सिंह तथा सदस्य डॉ० बामदेव पाण्डेय ने गुरुपूर्णिमा 2022 से गुरुपूर्णिमा 2023 के बीच किये गए जनसेवा कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। संस्था की अनेक शाखाओं के पदाधिकारियों ने भी अपनी-अपनी शाखाओं द्वारा भविष्य में किये जाने वाले जनसेवा कार्यक्रमों की सूची प्रस्तुत की, अपने सुझाव दिए और संस्था के उद्देश्यों तथा 19 सूत्री कार्यक्रमों में गति देने का संकल्प लिया। इसके पश्चात् मंत्री जी ने श्री सर्वेश्वरी समूह के संरक्षक-मण्डल में रिक्त हुए पदों पर चयनित नए सदस्यों की सूची इस आम सभा में प्रस्तुत की, जिसका अनुमोदन संस्था के सभी सदस्यों ने हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ किया। तत्पश्चात् पूज्यपाद बाबा ने संस्था के उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को संबोधित किया। अंत में वर्ष 2022 से 2023 के बीच दिवंगत हुए संस्था के सदस्यों की सूची श्री सर्वेश्वरी समूह के उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने प्रस्तुत की। दिवंगत आत्माओं की शांति और सद्गति के लिए पूज्य बाबा सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखा और प्रार्थना की।इससे पूर्व सुबह 7 बजे अघोर शोध संस्थान एवं ग्रंथालय के निदेशक डॉ० अशोक कुमार के नेतृत्व में सफलयोनि का सामूहिक पाठ श्रद्धालुओं द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि सायंकाल 5 बजे से श्री सर्वेश्वरी समूह का युवा-महिला सम्मलेन आयोजित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *