
वाराणसी।रमना, गढ़वा रमना प्रखंड के विभिन्न बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में जब आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है, ऐसे कठिन समय में रमना प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने मानवता और सेवा का परिचय देते हुए बाढ़ प्रभावित गांवों का नाव से भ्रमण कर लोगों की स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया।
डॉ. द्विवेदी ने अपनी टीम के साथ नाव से क्षेत्र का दौरा किया और बाढ़ के पानी से घिरे कई गांवों में जाकर लोगों से सीधे संवाद किया।
उन्होंने गांववासियों की स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं सुनीं और तत्काल जांच कर आवश्यक दवाएं प्रदान की। कई बीमार एवं कमजोर लोगों को प्राथमिक उपचार भी मौके पर ही दिया गया।
उन्होंने बताया कि बाढ़ की वजह से गंदा पानी और मच्छरों के कारण डायरिया, बुखार, त्वचा रोग व अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है और बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने ग्रामीणों से साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, उबालकर पानी पीने और मच्छरदानी का प्रयोग करने की सलाह दी।
डॉ. द्विवेदी ने यह भी बताया कि यदि किसी को कोई गंभीर समस्या होती है तो तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। आवश्यक होने पर स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम को भी गांवों में भेजा जाएगा।
बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कठिन समय में जब सभी ओर से मदद की जरूरत होती है, डॉक्टर साहब का इस तरह नाव से आकर सेवा देना वास्तव में सराहनीय है।
यह पहल ना केवल स्वास्थ्य सेवा के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि यह भी प्रमाणित करती है कि आपदा की घड़ी में भी सच्ची सेवा भावना से कार्य किया जा सकता है।
