
वाराणसी। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रावण मास के अंतिम सोमवार को श्री श्री 1008 बाबा आसभैरव का अलौकिक हरियाली हिम श्रृंगार बड़े धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर बाबा के दरबार में भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा, जो दर्शन के लिए दूर-दूर से पहुंचे थे। सुबह 4 बजे महंत सूरज गोस्वामी द्वारा मंगला आरती की गई। जिससे मंदिर परिसर आभायुक्त हो उठा। पूजा अर्चना के बाद बाबा को पंचामृत से स्नान कराकर उन्हें श्याम रूप में सजाया गया। मंदिर के प्रांगण को अशोक और कामिनी के पत्तों, रंग-बिरंगे वस्त्रों और विद्युत झालरों से सुंदरता से सजाया गया, जो आकर्षण का केंद्र बन गया।दूर-दराज से आए श्रद्धालु बाबा के अलौकिक श्रृंगार को देखकर मंत्रमुग्ध हो रहे थे। भक्तों ने पारंपरिक श्रद्धा के साथ पूजा अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में देर रात तक श्री आसभैरव बाबा की महाआरती संपन्न हुई। जिसमें विशेष भोग अर्पित कर प्रसाद वितरण भी किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री आसभैरव मंदिर के कार्यक्रम संयोजक दिलीप गोस्वामी, प्रदीप गोस्वामी, मीडिया प्रभारी रवि कौशिक, मंदिर कार्य सेवक आयुष अग्रवाल, राहुल विश्वकर्म, रजनीश और अन्य भक्तगण का विशेष योगदान रहा।
