
खेल सुविधाओं के विस्तार का दिया आश्वासन
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के नवागत मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन का स्वागत मंडल के क्रीड़ा अधिकारी और खिलाड़ियों ने बड़े धूमधाम से किया। इस अवसर पर मंडल क्रीड़ा अधिकारी बालेन्द्र पाल ने डीआरएम को बुके भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और मंडल में संचालित विभिन्न खेल गतिविधियों की जानकारी दी। डीआरएम आशीष जैन ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके उत्साहवर्धन के साथ-साथ विश्वास दिलाया कि वाराणसी मंडल में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा, हम खेल मैदानों को राष्ट्रीय स्तर के अनुरूप विकसित करेंगे और खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान करेंगे, ताकि वे रेलवे और देश का नाम रोशन कर सकें। इस मौके पर उप क्रीड़ा सचिव सतीश नारायण सिंह, अतुलदीप, सुशील राय, सौरभ सिंह, आनंद राय, बृजेंद्र सिंह, अमित कुमार, संजय यादव, सिल्वेस्टर मिंज, विनोद मार्य समेत मंडल के बड़े खिलाड़ी उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी आशीष शर्मा ने इस कार्यक्रम की जानकारी दी और बताया कि यह स्वागत समारोह वाराणसी मंडल के खेल क्षेत्र में नए उत्साह और दिशा की ओर इशारा कर रहा है।
