वाराणसी। जनपद वाराणसी में पर्यटकों की संख्या में निरंतर वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग एवं मान्यवर कांशीराम पर्यटन प्रबन्ध संस्थान ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत स्थानीय स्तर पर पर्यटकों को उचित मार्गदर्शन और जानकारी प्रदान करने के लिए लोकल लेवल गाईड की ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे उन्हें लाईसेंस भी प्रदान किया जाएगा। यह ट्रेनिंग उन लोगों के लिए है जो वाराणसी के पर्यटक स्थलों पर गाइड के रूप में काम करना चाहते हैं, सिवाय भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित स्मारकों के। इच्छुक अभ्यर्थी अपनी सामान्य जानकारी (जैसे वोटर कार्ड, राशन कार्ड, आधार कार्ड विवरण, नाम, पता आदि) के साथ आनलाईन लिंक (https://forms.gle/xywt3anuksjmtkhna) या QR कोड स्कैनर के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। यदि कोई अभ्यर्थी आनलाईन पंजीकरण नहीं कर पाता है, तो वह भौतिक रूप से संयुक्त निदेशक पर्यटन कार्यालय, अर्बन हॉट सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में उपस्थित होकर आवेदन जमा कर सकता है। यह पहल वाराणसी के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करेगी।
