वाराणसी। पूर्वांचल के कई जिले सहित वाराणसी इन दिनों बाढ़ की चपेट में है। शहर दक्षिणी विधानसभा के कोनिया क्षेत्र में सैकड़ों मकान बाढ़ के पानी में डूब चुके हैं। पीड़ित परिवारों को राहत शिविर में रखा गया है तथा प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें बुनियादी जरूरतों के अनुसार राहत मुहैया कराई जा रही है। इसी क्रम में सूबे के पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने शुक्रवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र के कोनिया में, बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटी। कोनिया क्षेत्र वरुणा नदी के किनारे होने की वजह बाढ़ की चपेट में आया है, जिसके वजह से क्षेत्र के सैंकड़ों घर डूब गए, और लोगो को राहत शिविर के तरफ़ रुख़ करना पड़ा। इन्ही लोगों को लगातार राहत पहुँचाने के क्रम में डॉ नीलकंठ तिवारी ने इनको किट बाँटी। 45 किलोग्राम के प्रत्येक किट में 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, 2 किलो अरहर दाल, 500 ग्राम नमक,200 ग्राम हल्दी पाउडर, 200 ग्राम सब्ज़ी मसाला, 2 लीटर रिफाइंड, तथा 2.5 किलो लाई, 2 किलो भुना चना, 2 किलो चना, 1 किलो चीनी, एक पैकेट मोमबत्ती, 01 पैकेट माचिस, 10 पैकेट बिस्कुट, 02 अदद साबुन, तिरपाल, बाल्टी, मग, सेनेटरी पैड, तौलिया, डिस्पोजेबल बैग, डेटॉल आदि प्रदान किया गया। क्षेत्र के ऑक्सफोर्ड इंग्लिश स्कूल में पीड़ितों को एक-एक कर राहत किट प्रदान की गई, जिससे कि कोई भी पीड़ित छूट ना सके। पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने पीड़ित लोगों से उनकी समस्याओं के साथ ही अन्य आवश्यकताओं के बारे में पूछा। सभी लोग प्रदेश सरकार के प्रति आश्वस्त दिखे एवं एक सुर ने प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री योगी को धन्यवाद दिया।

इस दौरान पूर्व मंत्री एवं विधायक के साथ मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, महानगर मंत्री दिलीप साहनी, दीपक मौर्य, विजय सोनकर, लकी भारद्वाज, शुभम चौरसिया, अशोक तिवारी आदि लोग प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *