वाराणसी। मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के अन्तर्गत गौपालकों को अधिकतम 80 हजार रुपए का अनुदान देय होगा। इस योजना अन्तर्गत बाह्य प्रदेश से उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों (गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं हरियाणा प्रजाति) के क्रय पर अनुदान हैं। महिला दुग्ध उत्पादकों/गौपालकों को 50 प्रतिशत वरीयता हैं। क्रय की जाने वाली गाय प्रथम अथवा द्वितीय ब्यात की होनी चाहिए।

उक्त जानकारी देते हुए क्षेत्रीय दुग्धशाला विकास अधिकारी/ जिला समन्वयक नंद बाबा दुग्ध मिशन अखिलेंद्र मिश्रा ने बताया कि अनुदान 02 गाय की इकाई की स्थापना के लागत का 40 प्रतिशत, अधिकतम 80 हजार रुपए तक अनुमन्य हैं। मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना में स्वदेशी उन्नत नस्ल के 10 गायों की इकाई स्थापना पर 50% हैं। योजना अन्तर्गत बाह्य प्रदेश से 10 उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों (गिर, साहीवाल, एवं थारपारकर प्रजाति) का क्रय कर इकाई स्थापना पर अनुदान देय है। इकाई स्थापना हेतु लगभग 01 एकड़ भूमि (0.2 एकड़ भूमि एवं 0.8 एकड़ चारा उत्पादन हेतु) उपलब्ध होनी चाहिए। परियोजना की प्रति इकाई कुल लागत मु0 23.60 लाख पर 50 प्रतिशत अधिकतम मु0 11.80 लाख रू0 का अनुदान देय होगा। इकाई स्थापना हेतु परियोजना लागत का लाभार्थी अंश 15 प्रतिशत, बैंक ऋण 35 प्रतिशत तथा अनुदान 50 प्रतिशत होगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत रू 10,000 अथवा 15,000 तक का पुरस्कार भी हैं। इस योजना के अन्तर्गत गिर, साहीवाल, थारपारकर, हरियाणा एवं गंगातीरी नस्ल की गायों का प्रतिदिन मुख्य उत्पादन उच्च स्तर का होने पर चयनित गौ-पालकों को रू0 10,000 अथवा 15,000 प्रोत्साहन धनराशि एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। एक गाय के जीवन काल में केवल एक बार प्रोत्साहन का लाभ पशुपालक को दिया जायेगा। पुरस्कार गायों के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ब्यात के लिए लागू है। प्रगतिशील गौपालको को अधिकतम 02 गाय प्रति पशुपालक के लिए केवल एक बार प्रोत्साहन का लाभ अनुमन्य होगा। योजना केवल व्यक्तिगत लाभार्थियों हेतु अनुमन्य हैं। गाय की ब्यात की तिथि से 45 दिन के अन्दर आवेदन प्रस्तुत करना होगा। इच्छुक व्यक्तियों के लिए ऑनलाईन आवेदन की व्यवस्था 23 अगस्त तक नन्द बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल https://nandbabadugdhmission.up.gov.in पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिये अपने जनपद के मुख्य पशुचिकित्साधिकारी कार्यालय अथवा दुग्धशाला विकास विभाग के कार्यालय व राधेश्याम प्रसाद, वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक मो0सं0- 9451479428 व रामवृक्ष राम, वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक मो0सं0- 9839594471 से सम्पर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *