
देश को अंधत्व से मुक्ति दिलाने का श्रेष्ठ दान है नेत्रदान : एडीजी
वाराणसी। 40वें नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ सोमवार को वाराणसी आई बैंक सोसाइटी व साह हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में नेत्रदान जागरूकता रैली निकालकर किया गया। मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया ने शास्त्री पार्क सिगरा से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में सबसे आगे डमरू दल चल रहा था। इसके पीछे साह हॉस्पिटल के सदस्य, पैरामेडिकल के विद्यार्थी तथा रोटरी क्लब शिवगंगा, गंगा, भारत विकास परिषद एवं इनरव्हील क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां लेकर “नेत्रदान महादान”, “मरणोपरांत कराएं नेत्रदान – पुण्यकार्य में दें योगदान” जैसे स्लोगन के माध्यम से जनमानस को जागरूक किया। रैली शहीद उद्यान जाकर समाप्त हुई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पीयूष मोर्डिया ने कहा कि नेत्रदान सबसे महान दान है। प्रत्येक व्यक्ति को चाहिए कि वह न केवल स्वयं नेत्रदान का संकल्प ले, बल्कि समाज में भी इसके प्रति लोगों को प्रेरित करे। इससे किसी की अंधेरी दुनिया रोशन हो सकती है।
कार्यक्रम में स्वागत संस्था के अध्यक्ष प्रद्युम्न साह ने किया, संचालन सचिव डॉ. सुनील साह ने तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ऋषभ साह ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय एथलीट नीलू मिश्रा, बृजेश महेश्वरी, दीपक अग्रवाल, अप्पू गोयल, डॉ. अजय मौर्या, उदय शंकर जायसवाल, मनीष केशरी, मिलन केशरी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
