चित्रकला के जरिए बच्चों ने दिया नेत्रदान का संदेश

 

वाराणसी। लायंस आई बैंक के तत्वावधान में रविवार 31 अगस्त को बड़ी पियरी स्थित टंडन नर्सिंग होम में 40वां नेत्रदाता सम्मान समारोह धूमधाम से आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को नेत्रदान के प्रति जागरूक करना और नेत्रदाताओं व सहयोगियों को सम्मानित करना रहा। लायंस आई बैंक के सचिव व नेत्र सर्जन डॉ. अनुराग टंडन ने बताया कि यह आयोजन संस्था के संस्थापक स्व. कैलाश टंडन की स्मृति को समर्पित था। समारोह में भाजपा नेता अमरीश सिंह भोला, पूर्व वीसी चंद्रकला पाड़िया, बीएचयू आईएमएस के निदेशक प्रो. शंखवार, दीपक बहल और काशीवार्ता के निदेशक सुशील सिंह विशेष अतिथि रहे। सभी का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर स्वागत किया गया। शहर के चार बड़े विद्यालयों के बच्चों ने पेंटिंग प्रतियोगिता के जरिए नेत्रदान का महत्व बताया। अमरीश सिंह भोला ने कहा कि डॉ. टंडन समाज में नेत्रदान की अलख जगा रहे हैं, यह कार्य प्रेरणादायी है। प्रो. शंखवार ने बताया कि आईएमएस बीएचयू ने लायंस आई बैंक से करार किया है और अब तक 120 से अधिक कॉर्निया उपलब्ध कराए गए हैं।

समारोह में लायंस क्लब वाराणसी सिटी और खत्री हितकारिणी सभा का विशेष योगदान रहा। बड़ी संख्या में चिकित्सक, समाजसेवी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में सभी ने संकल्प लिया कि नेत्रदान अभियान को और गति दी जाएगी, ताकि अंधकारमय जीवन जी रहे लोगों को नई रोशनी मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *