
वाराणसी। रामापुरा (रेवड़ी तालाब) स्थित जय नारायण घोषाल शिक्षा समिति के तत्वावधान में रामापुरा स्थित रानी भवानी जय नारायण बालिका विद्यालय परिसर में सोमवार को महान शिक्षाविद् समाज सुधारक कवि साहित्यकार भू कैलाश राजबारी, खिदिरपुर स्टेट (बंगाल) के राजा राजर्शी राजा जय नारायण घोषाल की 274 वीं जन्म जयंती मनाई जाएगी। आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश एवं लाल बहादुर स्नाकोत्तर महाविद्यालय मुगलसराय के प्राचार्य प्रोफेसर उदयन मिश्र, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ भट्टाचार्य, आदर्श शिक्षा वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमरेंद्र दुबे, विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष यशोवर्धन त्रिपाठी, समाजसेवी कन्हैयालाल जायसवाल, वरिष्ठ पत्रकार कमलेश तिवारी ने संयुक्त रूप से राजा जय नारायण घोषाल एवं रानी भवानी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन करके किया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा की राजा जय नारायण घोषाल आज से 200 वर्ष पूर्व भारत देश में निःशुल्क शिक्षा विशेषकर बालिकाओं को शिक्षित करने का जो अभियान चलाया था वह पूरे देश में एक क्रांति के रूप में परिलक्षित हुआ और आज बालिका शिक्षा के क्षेत्र में जो भी बदलाव देख रहे हैं उसमें राजा महर्षि जय नारायण घोषाल का बहुत बड़ा योगदान है।
अतिथियों ने कहा कि राजा जय नारायण घोषाल के कार्यों की रानी भवानी ने सराहना करते हुए महिलाओं के शिक्षा के लिए विशेष योगदान दिया और उसी का देन है कि आज वाराणसी में रानी भवानी जय नारायण बालिका विद्यालय निःशुल्क रूप से बालिकाओं का पठन-पाठन करा रहा है ।
इस अवसर पर शिक्षक सूर्य देव वर्मा, श्रीकांत शुक्ला, शेर बहादुर सिंह, श्रीराम विश्वकर्मा और बृजलाल को स्मृति चिन्ह एवं अंग वस्त्रम देकर सम्मानित किया गया।
कवि नागेश शांडिल के संयोजन में कवि सम्मेलन का भी भव्य आयोजन हुआ जिसमें कवियत्री रितु दीक्षित, कवि अनिल तिवारी, कवि कवि अरविंद मिश्रा, नागेश शांडिल्य आदि ने अपनी कविताओं से उपस्थित श्रोताओं को रससिक्त किया। आए हुए अतिथियों का स्वागत जय नारायण घोषाल शिक्षा समिति के प्रबंधक सुजीत कुमार पांडे ने किया कार्यक्रम का संचालन राजीव कुमार पांडे ने किया।
