वाराणसी। कमच्छा स्थित वसन्त कन्या पी जी कालेज में छात्र सलाहकार एवं अनुशासन समिति द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के सभागार में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस ‘कृतकार्य सम्मान समारोह’ में पूर्व प्राचार्या प्रो.कुसुम मिश्रा सहित सेवानिवृत्त शिक्षकों डॉ.कमला पाण्डेय,डॉ.सुधा श्रीवास्तव, डॉ.कुमुद रंजन, डॉ.तृप्ति जायसवाल, डॉ.माधुरी अग्रवाल, डॉ.बीना सिंह, प्रो.स्वरवन्दना शर्मा,श्रीमती अंजना चटर्जी, डॉ.स्मृति भटनागर तथा नामचीन तबला कलाकार श्री काशीनाथ मिश्र एवं कार्यालयकर्मी श्री सुभाष भारती को प्राचार्या प्रो.रचना श्रीवास्तव द्वारा शॉल और रञ्जन विभाग की छात्राओं द्वारा हस्तनिर्मित सुन्दर मिनिएचर पेंटिंग प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का आरम्भ कुलगीत – गायन से हुआ ।

शिक्षकगण का स्वागत एवं कृतज्ञता पूर्वक अभिनन्दन करते हुए प्राचार्या प्रो.रचना श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा ही समाज को दिशा देती है और शिक्षक उसके आधार स्तम्भ हैं।

उन्होंने कर्तव्यनिष्ठ शिक्षकों के योगदानों को याद करते हुए कहा कि इस महाविद्यालय में छात्राओं की अकादमिक और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को निखारनेवाली शिक्षिकाओं की सुदीर्घ परम्परा रही है जो वर्तमान में शिक्षणरत शिक्षकों द्वारा कुशलता से आगे ले जाई जा रही है।

कार्यक्रम का आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा।

इसमें छात्राओं द्वारा गुरुप्रशस्तिपरक भजनों, भरतनाट्यम् और लोकनृत्य की श्रुतिमधुर और मनोहारी प्रस्तुतियों तथा संस्कृत सुभाषितों के सस्वर पाठ के मणिकाञ्चन योग ने समवेत रूप से समारोह की भव्यता में चार चाँद लगाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया और हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।कार्यक्रम का संचालन सुश्री मुस्कान एवं सौम्या त्रिपाठी तथा धन्यवाद ज्ञापन सुश्री अनन्या सृष्टि ने किया।महाविद्यालय की सभी प्राध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *