
वाराणसी। राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अंतर्गत मोहाव स्थित डॉ. घनश्याम सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन के गृहविज्ञान विभाग की ओर से शुक्रवार को श्रीअन्न मेला एवं पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। छात्राओं ने ज्वार, बाजरा, रागी और सांवा से बने स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई और पोस्टरों के माध्यम से मिलेट्स के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी लोगों को दी। मेले की मुख्य अतिथि अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज के गृहविज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रो. अनीता सिंह एवं दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय सेवापुरी की प्राचार्य प्रो. सुधा पाण्डेय रहीं। प्रबंधक नागेश्वर सिंह और प्रशासक संजीव सिंह ने भी छात्राओं द्वारा बनाये गए व्यंजनों का स्वाद चखा और पोस्टर प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रतियोगिता में मुस्कान प्रथम, खुशी द्वितीय तथा शिखा तृतीय स्थान पर रहीं। उन्हें प्रमाणपत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि प्रो. अनीता सिंह ने कहा कि श्रीअन्न का नियमित सेवन स्वास्थ्य को सुरक्षित रखता है। भारत के मोटे अनाज सुपरफूड हैं, जो हर मौसम में लाभकारी सिद्ध होते हैं। उन्होंने छात्राओं में बचत की भावना विकसित करने हेतु सैकड़ों गुल्लक एक रुपये के सिक्के के साथ वितरित किए। प्रो. सुधा पाण्डेय ने कहा कि भोजन में मिलेट्स के लिए “ओआरएस—ओरिजिनल, रीजनल एवं सीजनल” का पालन आवश्यक है। इस अवसर पर शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर दोनों मुख्य अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही डॉ. सुधा पाण्डेय की पुस्तक में छात्रा स्वस्तिका मिश्रा के “क्वालिटी प्रोटीन मिलेट्स” पर लिखे अध्याय का भी उल्लेख किया गया। अतिथियों का स्वागत प्राचार्य डॉ. सुनील मिश्रा, संचालन काजल, धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम संयोजिका स्वास्तिका मिश्रा ने किया। इस अवसर पर डॉ. प्रज्ञा मिश्रा, डॉ. गरिमा, डॉ. मनीषा सिंह, डॉ. वंदना, डॉ. डी.के. सिंह, डॉ. रेवा शंकर सिंह, डॉ. सुनील सिंह, डॉ. विपुल शुक्ला, डॉ. संजय कुमार उपाध्याय, विशाल गुप्ता सहित शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
