
वाराणसी। प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में शुमार एग्री स्टैक योजनान्तर्गत डिजिटल क्राप सर्वे खरीफ वर्ष 2025 में शासन द्वारा निर्धारित समय से पहले यानि 31 अगस्त तक 1100 सर्वे का कार्य संपन्न करने पर कृषि विभाग के कुल सात कर्मचारियों सहित पंचायत विभाग के 66 पंचायत सहायकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
गुरुवार को विकास भवन सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल द्वारा 66 पंचायत सहायकों को निर्धारित समय से पहले क्राप सर्वे पूर्ण कर लेने पर प्रशस्ति-पत्र व स्मार्टफोन प्रदान कर सम्मानित किया गया और साथ ही कृषि विभाग के 07 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। प्रशस्ति पत्र प्रदान करने के पश्चात अपने सम्बोधन में मुख्य विकास अधिकारी ने समय से पहले क्राप सर्वे का कार्य पूरा करने वाले कर्मचारियों/सर्वेयरों का उत्साहवर्धन भी किया एवं कहा कि 15 सितंबर तक जिन सर्वेयर द्वारा कार्य पूर्ण कर लिया जाता है तो उनको भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इस दौरान कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र मिलने पर जनपद के उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल, जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह, उप परियोजना निदेशक शोभा, डीपीआरओ ने सर्वेयरों/कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन उप कृषि निदेशक ने किया।
