
वाराणसी। मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम का तीन दिवसीय वाराणसी दौरा शुक्रवार को सम्पन्न हो गया। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य तथा जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें सी-ऑफ किया। इस अवसर पर राज्यपाल एवं प्रभारी मंत्री ने डॉ. रामगुलाम को वाराणसी प्रवास की स्मृतियों के लिए शुभकामनाएँ दीं और भविष्य में भारत-मॉरीशस के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने की आशा व्यक्त की। हवाई अड्डे पर प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पारंपरिक तरीके से विदाई दी। डॉ. रामगुलाम ने अपने वाराणसी प्रवास के दौरान काशी विश्वनाथ धाम, गंगा आरती सहित कई सांस्कृतिक एवं धार्मिक स्थलों का दर्शन किया और काशी की संस्कृति की सराहना की।
