
हमारी मातृभाषा कण- कण में दिखनी चाहिए* प्रो रामपूजन पांडेय।
वाराणसी।सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय वाराणसी के आधुनिक भाषा एवं भाषा विज्ञान विभाग में विश्वविद्यालय के न्याय शास्त्र के उद्भट विद्वान् प्रो राम पूजन पांडेय के अध्यक्षता में हिन्दी पखवाड़ा कार्यक्रम (9 सितम्बर से 13सितम्बर) का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम 9 सितंबर से आरंभ होकर निबंध लेखन प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता एवं हिन्दी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता जैसे विभिन्न आयोजनों की सम्पन्नता के साथ शनिवार को विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो जितेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न विद्वानों के उद्बोधन के साथ सकुशल संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रो जितेन्द्र कुमार ने कहा कि आज देश की भाषा (हिन्दी) को बोलने में हम शर्म महसूस कर रहे हैं जो की भाषा के सांस्कृतिक समृद्धि के लिए नुकसानदायक है। हमें अपनी भाषा पर शर्म नहीं, गर्व महसूस करना चाहिए। महात्मा गांधी गुजराती मूल के थे, उनकी मातृभाषा गुजराती थी लेकिन फिर भी वह आजीवन हिन्दी के प्रचार प्रसार और उत्थान के लिए कार्य करते रहे। यह जरूरी नहीं है कि हम हमारी मूल भाषा कहां की है क्या है लेकिन राष्ट्रभाषा के रूप में हमें हमेशा हिन्दी का संवर्धन और विकास करने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।
न्याय शास्त्र के उद्भट विद्वान् एवं वरिष्ठ आचार्य मुख्य अतिथि प्रो रामपूजन पाण्डेय ने कहा कि हिन्दी को आगे बढ़ाने के लिए और अधिक प्रयत्न की आवश्यकता है हमारी मातृभाषा कण- कण में दिखनी चाहिए घर, विद्यालय, कार्यस्थल, विश्वविद्यालय हर जगह हिन्दी भाषा का प्रयोग करना चाहिए एवं दूसरों को भी इसके प्रयोग के महत्व को समझाना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि आधुनिक ज्ञान विज्ञान संकाय प्रमुख प्रो विधु द्विवेदी ने कहा कि हिन्दी समस्त देशवासियों को आपस में जोड़ता है अपनी मातृभाषा से हमारा गौरव जुड़ता है न कि किसी अन्य देश की भाषा से। हिन्दी के उत्थान की दिशा में भाषा वैज्ञानिक स्तर पर विस्तृत शोध की आवश्यकता है ताकि हिन्दी को उच्च स्थान पर पदस्थापित किया जा सके।
वैदिक, पौराणिक मंगलाचरण के साथ मंचस्थ अतिथियों ने दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
मंचस्थ अतिथियों का पारम्परिक रूप से स्वागत और अभिनन्दन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन आधुनिक भाषा एवं भाषाविज्ञान की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर विद्या कुमारी चन्द्रा जी ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापनडॉ.सोहन कुमार ने किया।
कार्यक्रम में विभाग के समस्त शिक्षक के साथ चीफ प्रॉक्टर प्रो दिनेश कुमार गर्ग, प्रो अमित कुमार शुक्ल,,डॉ.प्रेम निवास सिन्हा, डॉ. स्रग्धरा शर्मा, डॉ. धर्म प्रकाश मिश्र, डॉ.मो. सालिम,डॉ. सुमिता, डॉ. सोहन कुमार, पासाङ डोल्कर गुरुङ, डॉ. राम जीवन राई, डॉ. अवधेश कु. चौहान, श्री मुकुन्द लाल सहित शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
