
इससे न केवल समय व धन की बचत होती है बल्कि समय से समाधान व शान्ति को बढ़ावा मिलता है-जिला जज
वाराणसी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उ० प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकारण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जिला जज, जय प्रकाश तिवारी ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश द्वारा अधिक से अधिक वादों के सुलह समझौतों के आधार पर निस्तारण पर बल दिया गया।
जिला जज जयप्रकाश तिवारी ने लोगो को संबोधित करते हुए कहा कि लोक अदालत एक ऐसी प्रणाली है जो न्याय को आम जन तक पहुंचाती है, इससे न केवल समय व धन की बचत होती है बल्कि समय से समाधान व शान्ति को बढ़ावा मिलता है।
इस राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालय तथा प्रशासन के सभी विभागों से कुल मिलाकर 4,80,350 वादों का निस्तारण हुआ, जिसमें कुल रू 24,53,89,860 का वसूली किया गया। जनपद न्यायालय वाराणसी से कुल 20839 वादों का निस्तारण किया गया। जिसमें दीवानी के 126 वाद, पारिवारिक वाद 50, मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति के 54 वाद में बीमा कंपनी द्वारा पीड़ित पक्षकारों को रू 3,88,97,986.00 की धनराशि दिलायी गयी। फौजदारी की 25443 मामलों जिसमें अर्थदण्ड के रूप में रू 19,83,880.00 वसूल किया गया, एन0आई0एक्ट के 05 वाद रू० 3.05.200.00 वसूल किया गया। बैंकों व कम्युनिकेशन प्रीलिटिगेशन स्तर पर 4378 मामलों का निस्तारण हुआ, जिसमें कुल 8,97,16,500.00 की धनराशि की वसूली हेतु समझौता हुआ, प्रशासन एवं अन्य विभागों द्वारा कुल 439511 वादों का निस्तारण किया गया, जिसमें रू0 18,49,31,602.00 की धनराशि की वसूली हेतु समझौता हुआ, श्रम विभाग द्वारा कुल 15 वादों का निस्तारण किया गया, जिसमें रू0 1,23,62,606.00 की धनराशि की वसूली हेतु समझौता हुआ तथा अन्य में 131 वादों का निस्तारण हुआ।
राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालय परिसर में जगह-जगह पर हेल्प डेक्स बनाये गये, जो बादकारियों को आवश्यक सहायता प्रदान किये। इस राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर न्यायालय परिसर में माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला व केन्द्रीय कारागार वाराणसी के कैदियों द्वारा बनाये गये उत्पादों जैसे लकड़ी के खिलौने, दरी, गमछा तथा खाद्य सामाग्री मे अचार, ब्रेड, बिस्किट तथा बाल संप्रेक्षण गृह रामनगर व बालक बालगृह रामनगर, वाराणसी तथा आफ्टर केयर होम रामनगर में रह रहे संवासिनियों तथा बच्चों द्वारा बनाये गये विभिन्न प्रकार के आर्ट, काफ्ट तथा बैग आदि की प्रदर्शनी लगाये गये। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सामाग्री खरीदने में रूची दिखाई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक कुमार द्वारा इस लोक अदालत को अत्यधिक सफल बनाने हेतु समस्त न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस प्रशासन, अधिवक्तागण, बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों एवं वादकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। साथ ही सम्बन्धित कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय हरेन्द्र बहादुर सिंह, पीठासीन अधिकारी एम०ए०सी०टी० अश्वनी कुमार दूबे, अपर जनपद न्यायाधीश प्रथम रवीन्द्र कुमार श्रीवास्तव, जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार, राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी अनिल कुमार शुक्ल तथा यूनियन बैंक ऑफ इण्डिया के क्षेत्र प्रमुख धीरेन्द्र जैन तथा सभी न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहें।
