जगन्नाथ मन्दिर का झलक दिखायेगा दुर्गापूजा पण्डाल

 

 

प्रमुख संवाददाता, नज़र न्यूज नेटवर्क 

वाराणसी। आगामी दुर्गापूजा को लेकर शिवपुर का मिनी स्टेडियम इन दिनों भव्यता और आस्था का संगम बनने जा रहा है। श्री श्री दुर्गापूजा समिति इस बार पुरी के विश्वविख्यात जगरनाथ मंदिर की तर्ज पर आकर्षक पंडाल का निर्माण करा रही है। समिति के अध्यक्ष सुशांत जायसवाल ने बताया कि करीब 100 फीट ऊंचा और 70 फीट चौड़ा यह पंडाल पश्चिम बंगाल से आए 25 कुशल कारीगरों द्वारा तैयार किया जा रहा है। डेढ़ माह के कठिन परिश्रम में 3000 बांस, 1000 बीट, 200 बल्ली, कपड़े और थर्माकोल से इसकी संरचना तैयार की जा रही है।

थर्माकोल से सजेगी कलाकृतियां-

कलाकार रूपेश चौधरी ने जानकारी दिया कि पंडाल के अंदर और बाहर थर्माकोल से आकर्षक कलाकृतियां सजाई जा रही हैं जिसे सात कुशल कारीगरों द्वारा डेढ़ माह के अथक परिश्रम द्वारा तैयार किया जा रहा है। प्रवेश द्वार पर रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र की प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।

 

शांत मुद्रा में माँ दुर्गा-

 

महामंत्री राकेश गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष माँ दुर्गा शांत मुद्रा में महिषासुर का वध करती हुई दर्शनीय होंगी। उनके साथ माता लक्ष्मी, माता सरस्वती, भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। प्रतिमा के पीछे एलईडी वॉल लगाई जाएगी, जिससे पंडाल और अधिक भव्य दिखेगा।

 

पूजन और संधिपूजा का महत्व-

 

महाषष्ठी, 28 सितंबर से माँ दर्शन देंगी और पूजा प्रारंभ होगी। अष्टमी के दिन शाम 5:45 से 6:30 बजे तक संधिपूजा होगी। मान्यता है कि इसी समय देवी चामुंडा ने चंड-मुंड का वध किया था। पूजन में 108 कमल पुष्प, 108 बिल्वपत्र, 108 दीप प्रज्ज्वलन के साथ नारियल, केला और कोहड़े की बलि दी जाएगी।

 

झूला और मीना बाजार-

 

पंडाल परिसर में देशी-विदेशी झूले, मीना बाजार और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे श्रद्धालु दर्शन-पूजन के साथ मनोरंजन और स्वाद का भी आनंद ले सकें।

 

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम-

 

प्रतिदिन डेढ़ से दो लाख श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। महिला व पुरुष पुलिसकर्मी लगातार निगरानी में रहेंगे। समिति की ओर से 25 सीसीटीवी कैमरे, 100 वालेंटियर्स और 40 बाउंसर लगाए जाएंगे।

 

सिंदूरदान और विसर्जन-

 

3 अक्टूबर को सुहागिनें माँ को सुहाग की सामग्रियां अर्पित कर सिंदूरदान की परंपरा निभाएंगी। इसके बाद प्रतिमा का विसर्जन होगा। समिति ने गंगा में विसर्जन की अनुमति के लिए प्रशासन से अनुरोध किया है। लेकिन प्रशासन के गाइडलाइन के अनुसार ही विसर्जन किया जाएगा।

 

वर्षों से मिल रही सराहना-

 

शिवपुर दुर्गापूजा समिति पिछले दस वर्षों से उत्कृष्ट आयोजन करती आ रही है और कई बार प्रथम पुरस्कार से सम्मानित हो चुकी है। इस बार का आयोजन आस्था और कला का अद्वितीय संगम साबित होगा।

 

पदाधिकारी एवं सदस्यगण—

सुशान्त जायसवाल (अध्यक्ष), सौरभ जायसवाल (उपाध्यक्ष), राकेश कुमार गुप्ता (महामंत्री), रूपेश चौधरी (पण्डाल सलाहकार), नवीन प्रधान (मीडिया सलाहकार), अभिषेक केशरी (संगठन मंत्री)।

सदस्यगण रवि कुमार विश्वकर्मा, गोलू जायसवाल, विनय केशरी, राहुल सेठ, जितेन्द्र मोहन गोस्वामी, मनोज गुप्ता, आकाश गुप्ता, आयुष गुप्ता, मोनू जायसवाल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *