आरएसएमटी में विद्यारम्भ समारोह अभिनंदनम्–2025

 

वाराणसी। उदय प्रताप कालेज कैंपस स्थित राजर्षि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (RSMT) में आयोजित एमबीए/एमसीए विद्यारम्भ समारोह अभिनंदनम्–2025 के तीसरे दिन विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, अनुशासन, मानवीय मूल्यों और बौद्धिक विकास का अद्भुत संगम अनुभव हुआ।

पूर्व एनसीसी अधिकारी डा. (मेजर) अरविंद कुमार सिंह ने “अनुशासन” विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन ही सफलता की आधारशिला है। चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो या कॉर्पोरेट दुनिया, अनुशासन ही व्यक्ति को लक्ष्य तक पहुँचने में मार्गदर्शक भूमिका निभाता है। उनके विचारों ने छात्रों को समय प्रबंधन, जिम्मेदारी और आत्मनियंत्रण का महत्व समझाया। सत्र का संचालन अनुराग सिंह ने किया।

इसके बाद सुबह का आरंभ योग प्रशिक्षक अरुण कुमार सिंह के सत्र “योग फॉर डेली लाइफ” से हुआ। इसमें विद्यार्थियों ने तनावमुक्त रहने, एकाग्रता बढ़ाने और शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने के व्यावहारिक सूत्र सीखे। इस अवसर पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनके जन्म शताब्दी वर्ष में स्मरण किया गया। कार्यक्रम का अगला चरण अच्युत मोहन दास, अभिप्रेरक वक्ता एवं अध्यक्ष, इस्कॉन मंदिर प्रयागराज, द्वारा संचालित प्रेरक कार्यशाला “आर्ट ऑफ लिविंग” रही। उन्होंने जीवन में आंतरिक शांति और बाहरी सफलता के संतुलन पर बल दिया। संवादात्मक अभ्यासों, प्रेरक कहानियों और वास्तविक जीवन के उदाहरणों से विद्यार्थियों को दृढ़ता, कृतज्ञता और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस सत्र का संचालन आनंद मोहन पांडेय ने किया। भोजनावकाश के बाद डा. सी.पी. सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर, RSMT ने “मानव मूल्य और नैतिकता” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कॉर्पोरेट जीवन में नैतिक निर्णय, ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को दक्षता के साथ चरित्र निर्माण की प्रेरणा दी।

दिन का समापन उत्साहपूर्ण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता से हुआ, जिसका संचालन आशुतोष श्रीवास्तव और विजय कुमार पांडेय ने किया। इस प्रतियोगिता ने छात्रों की त्वरित सोचने की क्षमता, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह को नई ऊर्जा प्रदान की।

पूरे कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत प्रो. अमन गुप्ता, निदेशक-प्रभारी ने किया। कार्यक्रम का संयोजन डा. गरिमा आनंद और डा. प्रीति नायर द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *