वाराणसी। उदय प्रताप कालेज परिसर राजर्षि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (RSMT) में चल रहे एमबीए/एमसीए विद्यारंभ कार्यक्रम “अभिनन्दनम् -2025” के अंतर्गत शुक्रवार को विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक सत्रों का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत “तनाव प्रबंधन की तकनीकें” विषयक सत्र से हुई, जिसे वरिष्ठ न्यूरोसाइकाइट्री विशेषज्ञ डॉ. तनु सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने छात्रों को तनाव कम करने की व्यावहारिक तकनीकों, सकारात्मक सोच विकसित करने, समय प्रबंधन और जीवन में संतुलन बनाए रखने की रणनीतियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर स्वागत भाषण निदेशक इंचार्ज प्रो. अमन गुप्ता ने किया। सत्र का संचालन रामेश्वरी सोनकर एवं धन्यवाद ज्ञापन पी. एन. सिंह ने किया। इसी क्रम में एन.डी.एम.आई.टी. के वरिष्ठ विशेषज्ञों ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। सिद्धार्थ मंखंड, वरिष्ठ बिक्री प्रबंधक ने कहा कि बिक्री केवल कला नहीं, बल्कि ग्राहक की जरूरत को समझकर समाधान देना है। ज्योति जायसवाल, डेटा साइंस विशेषज्ञ ने बताया कि “डेटा भविष्य का ईंधन है, और इसका सही उपयोग ही सफलता की कुंजी बनेगा।” उर्जा सेठ ने डिजिटल मार्केटिंग ट्रेनर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म आज करियर की सबसे सशक्त राह है, जिसे अपनाकर नई ऊँचाइयाँ पाई जा सकती हैं। इस सत्र का संचालन प्रो. संजय सिंह ने किया।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। संगीत, नृत्य, नाटक और कविताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति की विविधता और उत्साह को जीवंत किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और संकाय सदस्यों का मन मोह लिया। इस सत्र का संचालन डॉ. प्रीति नायर एवं आनंद मोहन पांडेय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *