
बंदियों ने किया नारद मोह लीला का मंचन, रामभक्ति से गूंजी जेल की फिज़ा
वाराणसी। नवरात्र के प्रथम दिन केंद्रीय कारागार में दस दिवसीय रामलीला उत्सव का शुभारंभ मुकुट पूजन के साथ हुआ। वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मुकुट पूजन एवं कलश स्थापना का अनुष्ठान संपन्न कराया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक कुमार अग्निहोत्री ने भी मुकुट पूजन एवं भगवान भोलेनाथ की आरती में भाग लिया।
रामलीला के प्रथम दिन मुकुट पूजन के उपरांत नारद मोह लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। इस अवसर पर कारागार में संगीत शिक्षा दे रहे डॉ. आशीष कुमार मिश्रा ने कलाकारों प्रेरणा राज (भरतनाट्यम), प्रिया गुप्ता (गायन), संजय कुमार (बांसुरी) और आदित्य दीप (पखावज) के साथ मिलकर अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
रामलीला समिति ने बताया कि कल के मंचन में भगवान श्रीराम का प्राकट्य एवं ताड़का वध की लीला प्रस्तुत की जाएगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, चिकित्साधिकारी अभिषेक सिंह, जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र, अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह वल्दिया, फार्मासिस्ट संदीप खरे सहित कारागार के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
