
वाराणसी टूरिज़्म गिल्ड फिर से शुरू कराएगा शास्त्री घाट पर वरुणा आरती
वाराणसी। विश्व पर्यटन सप्ताह के अंतर्गत वाराणसी टूरिज़्म गिल्ड के तत्वावधान में दूसरे दिन टाउनहॉल से लेकर बिंदु माधव मन्दिर, पंचगंगा घाट तक हेरिटेज वॉक आयोजित किया गया। गिल्ड के अध्यक्ष सुभाष कपूर, सचिव सौरभ पाण्डेय एवं काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के पर्यटन विभाग के प्रो. प्रवीण राणा के संयोजकत्व में सुबह सात बजे से काशी के पक्के महाल कहे जाने वाले क्षेत्र में हेरिटेज वॉक प्रारंभ हुआ। दल सबसे पहले आनन्द भैरव मन्दिर गया उसके बाद तैलंग स्वामी मंदिर गया। तत्पश्चात दल काशी की प्राचीन विरासत को सहेजे चौखम्भा की गलियों में सबसे पहले गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित विनय पत्रिका के रचना स्थल गया फिर प्रसिद्ध गोपाल मंदिर में सबने दर्शन पूजन किया। अंत में सदस्यों ने पंचगंगा घाट स्थित बिंदु माधव मंदिर में दर्शन किया और फिर धरहरा आलमगीर मस्जिद की बनावट को निहारा।
वाराणसी टूरिज्म गिल्ड के अध्यक्ष सुभाष कपूर ने बताया कि इस तरह के हेरिटेज वॉक का उद्देश्य बाहर से आने वाले पर्यटकों को सिर्फ निश्चित स्थानों तक ही सीमित नही रखना है, ये स्थान काशी की अदभुत विरासत के प्रतीक है जिन्हें हम बाहर से आने वाले पर्यटकों से रूबरू कराएंगे।
*फिर से शुरू होगी वरुणा आरती-* गिल्ड के सचिव सौरभ पाण्डेय ने बताया कि पर्यटन सप्ताह के अंतर्गत हम गुरुवार और शुक्रवार को काशी के विशिष्ट विद्वानों द्वारा विभिन्न कॉलेजों में व्याख्यान सत्र आयोजित होंगे। वहीं विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर 27 सितम्बर को सुबह 7 बजे नदेसर स्थित होटल ताज से एक रैली निकाली जाएगी तथा सायंकाल 6 बजे से शास्त्री घाट पर वरुणा आरती का आयोजन किया जाएगा। यह आरती कोरोना काल से ही बंद है जिसे अब वाराणसी टूरिज़्म गिल्ड के प्रयास से फिर से शुरू किया जा रहा है।
हेरिटेज वॉक में संस्था के ब्रजेश कुमार सिंह, जैनेंद्र राय, रंजीत श्रीवास्तव, गजेंद्र चौबे, सुशील तिवारी, माजिद खान, प्रमोद सिंह, अनूप प्रसाद, कुणाल सोलंकी, मोहित थापा, सागर, परमानंद सिंह, सुधांशु सक्सेना, विवेक तिवारी, विनय सिंह आदि सहित बड़ी संख्या में होटेलियेर्स, टूर ऑपरेटर्स, टूरिस्ट गाइड, बीएचयू की छात्र छात्राएं भी शामिल रहे।
