
वाराणसी। श्री अग्रसेन जयंती सप्ताहव्यापी कार्यक्रम के तीसरे दिन बुधवार को भारतेन्दु भवन वाली गली चौखम्भा में बंगाली डॉढ़ी स्थित महारानी माधवी अग्रसेन भवन के नवसृजन कार्य का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर कन्या पूजन एवं सुंदरकांड का संगीतमय पाठ किया गया। श्री काशी अग्रवाल समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल और रंजना अग्रवाल ने सर्वप्रथम शक्ति की देवी स्वरूपा नौ कन्याओं के पाँव पखारे, पूजन किया और आरती की। इसके बाद सुंदरकांड का पाठ हुआ। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पक्के महाल में बच्चों के लिए अंग्रेजी स्कूल और युवाओं के लिए व्यवसायिक कौशल विकास कोर्स शुरू करने के उद्देश्य से शीघ्र काम पूरा करने की कामना की और माँ दुर्गा तथा महाबीर हनुमान जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। अग्रवाल समाज की अग्रसेन महिला समिति की मालिनी चौधरी, अर्चना अग्रवाल, शालिनी अग्रवाल, माधुरी अग्रवाल, उषा अग्रवाल, राजकुमारी अग्रवाल, रजनी अग्रवाल, स्वयं प्रभा अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, उर्मिला अग्रवाल सहित सैकड़ों महिलाएं शक्ति स्वरूपा माता दुर्गा रूपी कन्याओं को चुनरी से श्रृंगार कर उपहार प्रदान किया और तत्पश्चात संगीतमय सुंदरकांड का सस्वर पाठ किया। हनुमान चालीसा पाठ और आरती के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में स्वागत समाज की प्रधानमंत्री डॉ. रचना अग्रवाल ने किया, संचालन दीपक अग्रवाल ने, संयोजन राजकिशोर चंद्र अग्रवाल ने और धन्यवाद ज्ञापन सलिल अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर उपसभापति बल्लभदास अग्रवाल, शशि बाला साह, आर सी जैन, प्रद्युम्न अग्रवाल, आ मोद अग्रवाल, मनीष गुप्ता, दिव्य विभव बंसल, विनय अग्रवाल, अतुल गोयल, दिनेश अग्रवाल ‘चुनरी’ और चंद्र मोहन गर्ग, बजरंग अग्रवाल सहित समाज के सदस्य एवं पारिवारिकजन उपस्थित रहे।
