
वाराणसी। शिवपुर थाना परिसर में गुरुवार को रामलीला, दुर्गापूजा और नवरात्रि को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता थानाप्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने की। उन्होंने समिति पदाधिकारियों से संवाद कर कार्यक्रमों के दौरान संभावित समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थानाप्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ करता या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करता पाया गया तो उसे किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आयोजकों से अपील की कि सभी पर्व परंपरा और आपसी सहयोग से संपन्न हों तथा पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखा जाए। बैठक में रामलीला समिति शिवपुर के अध्यक्ष अतुलेश उपाध्याय, त्रिलोकी सेठ, दुर्गा पूजा समिति के मंत्री राकेश गुप्ता, पार्षद संदीप रघुवंशी, अरविंद सिंह पिंकू, उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज केशरी, भोजूबीर रामलीला समिति एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने बताया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा की विशेष योजना बनाई गई है। प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था होगी। संवेदनशील स्थलों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी ताकि किसी भी स्थिति पर तत्काल नियंत्रण पाया जा सके।
