
वाराणसी। डॉ. घनश्याम सिंह महाविद्यालय, सोयेपुर में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना एवं गृह विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘विश्व खाद्य दिवस’ के अवसर पर जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य खाद्य सुरक्षा, पौष्टिक आहार के महत्व और खाद्य पदार्थों की बर्बादी रोकने के प्रति लोगों को जागरूक करना था। प्रबंधक नागेश्वर सिंह एवं प्राचार्य डॉ. आनंद सिंह ने रैली को रवाना किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक और गृह विज्ञान विभाग की छात्राएं नारे लिखे बैनर और पोस्टर लेकर सोयेपुर और आसपास क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर पुन: महाविद्यालय पहुंचे। छात्रों ने भोजन बचाओ, जीवन बचाओ, स्वस्थ खाओ, स्वस्थ रहो,जैसे नारे लगाकर आम जनता को जागरूक किया। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं गृह विज्ञान विभाग की टीम ने देवा मलीन बस्ती का दौरा किया। इस दौरान, ज़रूरतमंद परिवारों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। वितरण के दौरान, छात्रों ने लोगों को संतुलित आहार के महत्व और स्वच्छ भोजन ग्रहण करने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विपुल कुमार शुक्ला ने कहा कि विश्व खाद्य दिवस हमें खाद्य असुरक्षा और कुपोषण जैसी वैश्विक चुनौतियों के प्रति संवेदनशील बनाता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में खाद्य पदार्थों की बर्बादी को रोकने का संकल्प लें।
गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रीति शाह ने भी पोषण और खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता पर प्रकाश डाला और इस तरह के सामाजिक कार्यों के लिए छात्रों की सराहना की।
