
रिपोर्ट:- नज़र न्यूज नेटवर्क
वाराणसी। ईज़ी हेल्प संस्था ने एसओएस चिल्ड्रेन विलेज के संयुक्त तत्वावधान में सुगंधित अगरबत्ती और धूप निर्माण की कार्यशाला का सफल आयोजन किया। इस कार्यशाला में 60 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को मंदिरों में चढ़ाए गए फूलों के पुनर्चक्रण से नेचुरल अगरबत्ती और धूप बनाने की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
साथ ही बाज़ार में इसकी बढ़ती मांग और संभावित रोजगार अवसरों के बारे में भी जानकारी दी गई। संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक कदम है। फूलों के अपशिष्ट से तैयार किए जा रहे उत्पाद न केवल पर्यावरण हितैषी हैं बल्कि आजीविका के नए रास्ते भी खोल रहे हैं। कार्यशाला में प्रतिभागियों ने खुद भी अगरबत्ती और धूप बनाने का अभ्यास किया और इस पहल की सराहना की। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में इस तरह की कार्यशालाओं का दायरा बढ़ाकर अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा।
