
वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के आधुनिक भाषा एवं भाषा विज्ञान विभाग में आज फ्रेंच भाषा के छात्रों द्वारा विश्व फ्रांसीसी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। यह दिवस फ्रांसीसी भाषा एवं संस्कृति के प्रसार और संवर्धन के उद्देश्य से विश्व के लगभग 88 देशों में मनाया जाता है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में विविध सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों ने काव्य पाठ, साहित्य लेखन, क्विज़ प्रतियोगिता एवं नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. धर्म प्रकाश मिश्रा द्वारा प्रस्तुत काव्य पाठ ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रोफेसर स्रंग्धरा शर्मा द्वारा किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं की ओर से प्रस्तुत किया गया, जिसमें फ्रेंच उच्चतर डिप्लोमा के छात्र अवनीश कुमार राय, उन्नति जायसवाल, शौर्या, लकी एवं अनुराग आदि की विशेष सहभागिता रही।
इस सफल आयोजन ने न केवल छात्रों की सृजनात्मकता को मंच प्रदान किया, बल्कि फ्रांसीसी भाषा एवं संस्कृति के प्रति उनके उत्साह और समर्पण को भी सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रोफेसर विद्या कुमारी चंद्रा रहीं, जबकि अध्यक्षता प्रोफेसर विधु द्विवेदी (अध्यक्षा, भाषा विज्ञान विभाग) द्वारा की गई। आयोजन में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों एवं शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें प्रोफेसर स्रंग्धरा शर्मा, डॉ. सोहन कुमार, डॉ. सुमीता, डॉ. रानी द्विवेदी, डॉ. पासांग डोल्कर, डॉ. रामजीवन राय, डॉ. आलोक कुमार मिश्रा एवं डॉ. शालीन प्रमुख रहे।
