वाराणसी। कमच्छा स्थित वसंत कन्या महाविद्यालय में विश्व धरोहर सप्ताह–2026 के उपलक्ष्य में प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्त्व विभाग द्वारा शनिवार को एक विशेष विरासत पदयात्रा का आयोजन किया गया।
विरासत पदयात्रा का आयोजन प्रातः 7:00 बजे जगन्नाथ मंदिर (अस्सी घाट) से शिवाला तक किया गया। कार्यक्रम में लगभग 45 छात्राओं एवं विभाग के 5 प्राध्यापक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रसिद्ध धरोहर संरक्षक एवं INTACH से जुड़े श्री अजय रतन बनर्जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस विरासत पदयात्रा का प्रमुख उद्देश्य छात्राओं को वाराणसी की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं स्थापत्य विरासत से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना तथा पाठ्यपुस्तकीय ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना था।
वाराणसी विश्व के प्राचीनतम जीवंत नगरों में से एक है, जिसकी ऐतिहासिक निरंतरता, धार्मिक परंपराएँ, स्थापत्य कला, घाट, मंदिर तथा सांस्कृतिक जीवन भारतीय सभ्यता की विविधतापूर्ण विरासत के महत्वपूर्ण आयाम हैं।
यात्रा का आरंभ जगन्नाथ मंदिर, अस्सी घाट से हुआ। निर्धारित मार्ग के अनुसार यह यात्रा जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर शिवाला पर समापन हुआ।
इस दौरान प्राचीन जगन्नाथ मंदिर, तुलसी घाट,अस्सी संगमेश्वर, लोलार्क कुंड, अर्क विनायक, अमरेश्वर शिव, दशनामी अखाड़ा, साहित्यकार जगन्नाथ रत्नाकर जी का निवास, प्राचीन हनुमान गुहा मंदिर, तमिल कवि भरतियार के निवास तथा रानी लक्ष्मीबाई की जन्मस्थली आदि का विशेष दर्शन -अवलोकन किया गया।
छात्राओं को वाराणसी की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को निकट से देखने, समझने और उसके विभिन्न पक्षों के विषय में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।
श्री अजय रतन बनर्जी ने पदयात्रा के दौरान अपने अनुभव एवं विषयगत ज्ञान के माध्यम से छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विरासत स्थलों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं स्थापत्य महत्व को समझने की आवश्यकता पर बल दिया। उनके मार्गदर्शन ने छात्राओं को ऐतिहासिक स्थलों को केवल धार्मिक अथवा पर्यटन संबंधी दृष्टिकोण से न देखकर उन्हें इतिहास, कला, स्थापत्य और सांस्कृतिक निरंतरता के महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में समझने के लिए प्रेरित किया।
छात्राओं ने अत्यंत उत्साह एवं जिज्ञासा के साथ सहभागिता की। प्रत्यक्ष अवलोकन के माध्यम से उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि किसी नगर की ऐतिहासिक पहचान उसके स्मारकों, धार्मिक स्थलों, स्थापत्य संरचनाओं, परंपराओं और स्थानीय सांस्कृतिक जीवन में किस प्रकार अभिव्यक्त होती है।
सभी प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में विशेष रुचि प्रदर्शित की। छात्राओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति, विषय के प्रति उनकी जिज्ञासा ने इस आयोजन को और भी सार्थक एवं जीवंत बनाया।
प्राध्यापकों के सहयोग और विशेषज्ञ मार्गदर्शन ने कार्यक्रम के शैक्षणिक उद्देश्यों की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समग्र रूप से विश्व धरोहर सप्ताह–2026 के अवसर पर आयोजित यह विरासत पदयात्रा एक सफल, ज्ञानवर्धक एवं उद्देश्यपूर्ण शैक्षणिक गतिविधि सिद्ध हुई। इसने छात्राओं को वाराणसी की समृद्ध विरासत से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ने तथा उसके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया।
इस अवसर पर डॉक्टर नैरंजना श्रीवास्तव, डॉक्टर आरती कुमारी, डॉक्टर आरती चौधरी, डॉक्टर आराधना सिंह एवं डॉक्टर आभा सिंह की उपस्थिति रही।

Leave a Reply