
हनुमान भक्तों ने प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर निकाली भव्य वाहन शोभा यात्रा
वाराणसी।धर्म की नगरी काशी में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। हनुमत सेवा समिति, नेवादा द्वारा आयोजित इस विशाल वाहन रैली ने पूरे क्षेत्र को ‘राममय’ कर दिया। खास बात यह रही कि यह भव्य आयोजन आगामी चैत्र पूर्णिमा (2 अप्रैल ) को हनुमान जयंती पर निकलने वाली मुख्य शोभायात्रा का एक सफल रिहर्सल भी था।
यात्रा का शुभारंभ नेवादा स्थित कार्यालय से हुआ, जहाँ शहर के 11 अलग-अलग क्षेत्रों से आए भक्तों का हुजूम उमड़ा। सैकड़ों दो पहिया वाहनों पर सवार होकर निकले भक्तों के सिर पर ‘राम नाम’ की पट्टी और हाथों में लहराते केसरिया ध्वज अटूट आस्था का परिचय दे रहे थे। डमरू दल की ‘डिम-डिम’ और भजनों की मधुर धुनों के बीच जब “जय बजरंगी, जय हनुमान” के नारे लगे, तो राहगीर भी ठिठक कर इस दृश्य का हिस्सा बन गए।
हनुमत सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष रामबली मौर्य एवं अजय मौर्या के नेतृत्व में यह रैली भिखारीपुर तिराहा से शुरू होकर सुंदरपुर, नरिया और लंका होते हुए संकट मोचन मंदिर पहुंची।
पुरुषों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी इस यात्रा का हिस्सा बने।
यात्रा के दौरान भक्तों ने प्रभु श्री राम, माता सीता और लक्ष्मण जी के चरणों में अपनी हाजिरी लगाई।
भव्य भ्रमण के पश्चात यात्रा पुनः भिखारीपुर चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई।
”यह आयोजन केवल एक रैली नहीं, बल्कि हनुमान जी के अपने आराध्य प्रभु श्री राम के प्रति अटूट प्रेम का प्रतीक है। हनुमान जयंती की मुख्य शोभायात्रा से पूर्व यह एक आध्यात्मिक तैयारी है।”
