‘प्रकृति ही भक्ति’ अभियान में हुआ प्रतियोगिता, विजेता बच्चों को बैग मिला

वाराणसी। कंपोजिट विद्यालय सारनाथ, चिरईगांव में ‘प्रकृति ही भक्ति’ अभियान के अंतर्गत चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 

यह अभियान अखिल भारतीय महिला शिक्षक संघ की ब्लॉक अध्यक्ष एवं शिक्षिका कल्पना तिवारी के माध्यम से चिरईगांव ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित किया जा रहा है। इस मुहिम में उनके लंदन निवासी मित्र संदीप शर्मा का विशेष सहयोग है।

 

ज्ञातव्य हो कि संदीप शर्मा का उद्देश्य बच्चों में प्रकृति के प्रति जिज्ञासा एवं प्रेम उत्पन्न करना तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के महत्व से परिचित कराना है। इसी उद्देश्य से विभिन्न विद्यालयों में रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जा रहा है।

 

कंपोजिट विद्यालय सारनाथ में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में हिना (कक्षा 8) ने प्रथम, सुजाता कुमारी (कक्षा 8) ने द्वितीय तथा अमाया (कक्षा 6) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में सान्या भारद्वाज (कक्षा 7) प्रथम, श्रुति पटेल (कक्षा 5) द्वितीय तथा आयुष राजभर (कक्षा 5) तृतीय स्थान पर रहे।

 

दोनों प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को स्कूल बैग देकर पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

 

इस अवसर पर अनीता राय, दीप्ति, मीना, पूजा पांडेय एवं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मंजू यादव,आयोजिका कल्पना तिवारी, सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

 

शिक्षिका कल्पना तिवारी ने बताया कि ‘प्रकृति ही भक्ति’ अभियान के माध्यम से बच्चों को प्रकृति से जोड़ने, पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने तथा उनमें संरक्षण की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान का संदेश है कि प्रकृति का सम्मान और संरक्षण करना ही सच्ची भक्ति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *