तीन दिवसीय स्काउट एवं गाइड शिविर का हुआ समापन

वाराणसी। डुमरी स्थित बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल के विद्यालय परिसर में चल रहे तीन दिवसीय स्काउट एवं गाइड शिविर का समापन शुक्रवार को हुआ।

 

इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सहयोग, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना एवं टीम वर्क जैसे महत्वपूर्ण गुणों का विकास करना था।

 

शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया। इन गतिविधियों में स्काउट एवं गाइड के नियमों एवं प्रतिज्ञा की जानकारी, गांठ बाँधना, टेंट निर्माण, समूह गतिविधियाँ, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता एवं सामूहिक रूप से भोजन तैयार करने जैसी गतिविधियाँ शामिल रहीं। शिविर में गाइड प्रभारी शालिनी सिंह एवं रितेशनी मिश्रा ने छात्राओं को विभिन्न गाइड गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया, वहीं स्काउट प्रभारी चंदन चौधरी ने छात्रों को स्काउट से संबंधित गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया। सभी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं समर्पण के साथ गतिविधियों में भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने-अपने समूहों के अनुसार टेंट निर्माण कर अपनी रचनात्मकता, कौशल और एकजुटता का परिचय दिया। शिविर के अंतिम दिन विभिन्न गतिविधियों का समापन किया गया।

 

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री मुकुल पांडे एवं प्रधानाचार्य श्री अशोक कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन एवं सहभागिता की सराहना की ।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षकगण ने इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया। प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित यह शिविर विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव रहा। इस तीन दिवसीय शिविर ने विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन कौशल सीखने तथा आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *