अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केन्द्र में आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला का हुआ समापन

वाराणसी।अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र तथा विद्यालंकार स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (वीएसआईटी), मुंबई के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित पाँच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम “एकेडमिक एक्सीलेंस इन द एआई एरा: टीचिंग, रिसर्च एंड इंडियन नॉलेज सिस्टम्स”* का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सुनील कुमार त्रिपाठी, आईयूसीटीई द्वारा मंगलाचरण से हुई। इसके उपरांत मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती तथा महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. आशीष श्रीवास्तव, डीन (शैक्षणिक एवं अनुसंधान) आईयूसीटीई, वाराणसी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. श्री विजय गावडे, उप-प्राचार्य (कॉमर्स, मैनेजमेंट एवं मीडिया), वीएसआईटी, मुंबई उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा आयोजन की सराहना की। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आसिफ रामपुरावाला, उप-प्राचार्य (कंप्यूटिंग), वीएसआईटी, मुंबई तथा कार्यक्रम का संचालन डॉ. लक्ष्मी पिल्लई, सहायक आचार्य, वीएसआईटी, मुंबई ने किया।

 

विशिष्ट अतिथि श्री विजय गावडे, उप-प्राचार्य (कॉमर्स, मैनेजमेंट एवं मीडिया), वीएसआईटी, मुंबई ने अपने संबोधन में शिक्षकों के निरंतर व्यावसायिक विकास तथा उच्च शिक्षा में नवीन तकनीकों एवं नवाचारों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही, उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव उनके शैक्षणिक और व्यावसायिक कार्यों में उपयोगी सिद्ध होंगे।

 

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. आशीष श्रीवास्तव, डीन (अकादमिक एवं अनुसंधान), आईयूसीटीई, वाराणसी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के वर्तमान परिदृश्य में शिक्षकों की बदलती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में तकनीकी दक्षता के साथ मानवीय मूल्यों, नैतिकता एवं भारतीय ज्ञान परंपरा का समुचित समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एआई के प्रभावी एवं उत्तरदायी उपयोग के माध्यम से उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा प्रदान की जा सकती है। साथ ही, उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले दोनों संस्थानों के आयोजकों, विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों की सराहना की।

 

कार्यक्रम के पाँचवें दिन प्रथम सत्र में डॉ. मंदार चौधरी, वीएसआईटी, मुंबई ने “साइंस एंड टेक्नोलॉजी एजुकेशन रिफॉर्म्स फॉर विकसित भारत 2047: पाथवेज टू सेल्फ-रिलायंस एंड ग्लोबल एक्सीलेंस” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने विकसित भारत@2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शिक्षा में नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास तथा आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करके भारत को वैश्विक स्तर पर ज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी बनाया जा सकता है।

 

द्वितीय सत्र में डॉ. एन. कुमार, वीएसआईटी, मुंबई ने “एक्सेलरेटिंग एकेडमिक एक्सीलेंस: फैकल्टी पाथवेज टू मास्टरी इन बाइनरी एक्रेडिटेशन, एमबीजीएल एंड नेशनल रैंकिंग्स” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने उच्च शिक्षण संस्थानों में अकादमिक गुणवत्ता, संस्थागत मूल्यांकन एवं राष्ट्रीय रैंकिंग के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की क्षमता का विकास, प्रभावी शैक्षणिक नेतृत्व, गुणवत्ता आधारित कार्यप्रणाली तथा संस्थागत स्तर पर निरंतर सुधार अकादमिक उत्कृष्टता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण आधार हैं। साथ ही, तृतीय सत्र में डॉ. एन. कुमार, वीएसआईटी, मुंबई ने “केस स्टडीज ऑन डिजाइनिंग फ्यूचर-रेडी करिकुला” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने भविष्य की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यचर्या निर्माण की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की।

 

इस पाँच दिवसीय कार्यक्रम में 37 से अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. राज सिंह, आईयूसीटीई, डॉ. सिंधु कृष्णन एवं डॉ. लक्ष्मी पिल्लई, वीएसआईटी, मुंबई द्वारा तथा सह-संयोजन डॉ. राजा पाठक, आईयूसीटीई, डॉ. संदीप खंडेकर, डॉ. उमेश कोयांडे एवं श्री श्रीनाथ शंकर, वीएसआईटी, मुंबई द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *