
वाराणसी।सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के भारतीय ज्ञान परम्परा केंद्र एवं गंगा सेवा समिति, बलुआ (चंदौली) के बीच शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए।
यह समझौता केवल दो संस्थाओं के बीच का औपचारिक सहयोग नहीं है, बल्कि गंगा की सभ्यता, संस्कृति और ज्ञान परम्परा को शोध, समाज और आने वाली पीढ़ियों से जोड़ने का एक संस्थागत संकल्प है।
इस समझौते का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परम्परा के आलोक में गंगा की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत का अनुसंधान, संरक्षण और दस्तावेजीकरण करना है। विशेष रूप से गंगा की संत परम्परा, तीर्थ परम्परा, धार्मिक भूगोल तथा ग्रामीण गंगा तटों की विरासत को अकादमिक एवं शोध के माध्यम से राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में संयुक्त प्रयास किए जाएंगे।
बलुआ का गंगा तट सामान्य तट नहीं है। यहाँ गंगा पश्चिमवाहिनी हैं – पूर्व से पश्चिम की ओर बहती हैं, जिसे शास्त्रों में अत्यंत पावन माना गया है। विगत 17 वर्षों से गंगा सेवा समिति इस पावन तट पर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से गंगा संरक्षण और जनजागरण का कार्य कर रही है। अब विश्वविद्यालय के सहयोग से यह जन-आंदोलन शोध-आंदोलन का भी रूप लेगा।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि गंगा केवल जलधारा नहीं, भारतीय सभ्यता की जीवन-रेखा है। गंगा हमारे वेदों, पुराणों, संतों की वाणी और गाँव के घाटों की लोक-संस्कृति में है। इस समझौते का मर्म यही है कि गंगा की इस समग्र विरासत को शोध की कसौटी पर परखा जाए, प्रमाणों के साथ दस्तावेजीकृत किया जाए और उसे समाज के सामने रखा जाए। उन्होंने कहा कि गंगा सेवा समिति ने 17 वर्षों तक धरातल पर जो दीप जलाया है, अब विश्वविद्यालय उस दीप को ज्ञान के प्रकाश से और उज्ज्वल करेगा।
समझौते के अंतर्गत शोध परियोजनाओं, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों, क्षेत्रीय सर्वेक्षण, प्राचीन मंदिरों एवं तीर्थस्थलों के दस्तावेजीकरण, शोध प्रकाशन तथा डिजिटल अभिलेखागार जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए फील्ड-वर्क एवं प्रशिक्षण की भी व्यवस्था होगी, जिससे वे गाँव-गाँव जाकर, घाट-घाट जाकर गंगा की कथा को सुनें, लिखें और संरक्षित करे।
कार्यक्रम में भारतीय ज्ञान परम्परा केंद्र के समन्वयक प्रो. दिनेश गर्ग, केंद्र प्रभारी डॉ. ज्ञानेन्द्र शापकोटा, वेद विभाग के आचार्य विजय शर्मा, गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष श्री दीपक जायसवाल, कार्यक्रम संचालक अरविन्द पाण्डेय, प्रांजल पाण्डेय, अच्युतकृष्ण त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य, आचार्यगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसी क्रम में 23 एवं 24 नवम्बर 2026 को बलुआ में ‘भारतीय सभ्यता में गंगा : पश्चिमवाहिनी गंगा की संत परम्परा, धार्मिक भूगोल, सांस्कृतिक विरासत एवं ग्रामीण तटों का संरक्षण’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित है।

Leave a Reply