भुवनेश्वर। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), वाराणसी की ओर से आयोजित ओडिशा मीडिया टूर के तहत चौथे दिन वाराणसी से आए पत्रकारों ने ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति से लोकभवन में शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर राज्यपाल ने ओडिशा में हो रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य आज स्किल डेवलपमेंट के प्रमुख केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। उन्होंने बताया कि संतुलित विकास और प्रभावी वित्तीय प्रबंधन के कारण ओडिशा आज रेवेन्यू सरप्लस राज्य के रूप में स्थापित हुआ है।

राज्यपाल ने भुवनेश्वर स्थित वर्ल्ड स्किल सेंटर (डब्ल्यूएससी) का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एक फिनिशिंग स्कूल की तरह कार्य करता है, जहाँ से छात्र उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित होकर निकलते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार और निजी कंपनियों के सहयोग से स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा दिया जा रहा है और कई स्किल ट्रेनिंग सेंटर प्रोडक्शन सेंटर के रूप में भी काम कर रहे हैं।

इस दौरान राज्यपाल ने ओडिशा के प्राकृतिक संसाधनों, बेहतर कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में हो रही प्रगति पर भी प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने ओडिशा और वाराणसी के बीच मौजूद सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों का भी उल्लेख किया।

मुलाक़ात के दौरान पीआईबी वाराणसी के मीडिया एवं संचार अधिकारी प्रशांत कक्कड़ ने वाराणसी के प्रसिद्ध जीआई उत्पाद सॉफ्ट स्टोन जालीदार अंडरकट कला के अंतर्गत बनी हाथी की प्रतिकृति राज्यपाल को भेंट की। यह कलाकृति वाराणसी की पारंपरिक शिल्पकला और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

मीडिया प्रतिनिधियों ने इस अवसर पर राज्य के विकास मॉडल और कौशल विकास की पहलों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *