
वाराणसी। अर्दली बाजार स्थित इसरा की ओर से विभिन्न जिलों से हज पर जाने वाले जायरीनों के लिए स्पेशल हज ट्रेनिंग कैम्प के पहले रविवार का कार्यक्रम मौलाना अब्दुल हादी की सरपरस्ती में सम्पन्न हुआ। कैम्प में जायरीनों को हज के मुकद्दस सफर से पहले जरूरी अरकान, गुस्ल, वुजू और दुआओं की जानकारी दी गई।हाफिज मुबारक ने गुस्ल के तीन फर्ज—कुल्ली करना, नाक में पानी डालना और पूरे शरीर पर पानी बहाने की सही विधि समझाई। वहीं वुजू में चेहरा, कोहनियों तक हाथ, सिर का मसह और टखनों समेत पैर धोने के तरीके बताए गए। मौलाना हसीन ने तलबियाह “लब्बैक अल्लाहुम्मा लब्बैक…” याद कराते हुए कहा कि हज इस्लाम का पांचवां रूक्न है और इसके मसाइल जानना जरूरी है। महिला सत्र में हज्जिन सैयदा खानम, निकहत फातमा व समन खान ने एहराम, परदा और तैयारी पर मार्गदर्शन दिया। अगला स्पेशल हज ट्रेनिंग कैम्प 5 अप्रैल को इसरा मुख्यालय अर्दली बाजार में आयोजित होगा।
