रिपोर्ट:- उपेंद्र कुमार 

आजमगढ़। प्रदेश सरकार द्वारा स्कूल चलो अभियान के क्रम में प्राथमिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने की मुहिम के तहत शनिवार को जनपद के पल्हनी ब्लॉक स्थित उकरौंड़ा इंग्लिश मीडियम अपर प्राइमरी विद्यालय में ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया गया।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल नए सत्र का संकल्प लिया गया, बल्कि मेधावी छात्रों को वार्षिक परीक्षा फल वितरित कर उन्हें प्रोत्साहित भी किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वाराणसी के शिवपुर कंपोजिट विद्यालय से किए गए ‘स्कूल चलो अभियान’ के सजीव प्रसारण से हुई।

बतौर अतिथि बीएसए राजीव पाठक, डीआईओएस मनोज कुमार और बीइओ दिनेश कुमार वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर इस अभियान का विधिवत आरंभ किया।

प्रधानाचार्य मंजू राय के नेतृत्व में छात्राओं ने सुमधुर सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रेरक भाषणों के जरिए शिक्षा के प्रति अपनी जागरूकता का प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने शिक्षा को जीवन का आधार बताते हुए अभिवावकों से अपने बच्चों को परिषदीय स्कूलों ने भेजने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान बीएसए राजीव पाठक के द्वारा कक्षा 8 के मेधावी विद्यार्थियों को परीक्षा फल और पुरस्कार वितरित किया गया। साथ ही, नए सत्र के लिए बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें भी प्रदान की गईं।

बीएसए ने बताया कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य परिषदीय, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में 100% नामांकन सुनिश्चित करना है। हमारा उद्देश्य ड्रॉपआउट दर को शून्य पर लाना और हर बच्चे को ‘निपुण’ बनाना है।

इस अवसर पर राजेश सिंह, संतोष राय, उपेंद्र दत्त शुक्ल, तरुणेश सिंह रिंकू, राजन शुक्ला, दिनेश सिंह, शशिकला द्विवेदी, सीमा त्रिपाठी, गार्गी, सुजीत सिंह सहित भारी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *